
Ahmedabad airport: सोना तस्करी करनेवालों पर शिकंजा
गांधीनगर. राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI)- अहमदाबाद ने Ahmedabad airport से Gold smuggling का पर्दाफाश किया है। दुबई से अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचे दो यात्रियों से डीआरआई अधिकारियों ने करीब दो करोड़ दो लाख 65 हजार 617 रुपए का 3849.120 ग्राम सोना जब्त किया है। इस मामले में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि दुबई से सोना तस्करी में एक गिरोह काम कर रहा है। इसके मद्देनजर खुफिया जानकारी के आधार पर दुबई से अहमदाबाद पहुंचे दो यात्रियों को डीआरआई अधिकारियों ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर रोका। इन यात्रियों की बैगों की तलाशी लेने पर अधिकारियों को 3849.120 ग्राम सोने का टुकड़े मिले, जिसका बाजार मूल्य 2,02,65,617 रुपए आंका गया। आरोपी यात्रियों की पूछताछ में डीआरआई अधिकारियों को मालूम हुआ कि अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तैनात चार यात्री भी शामिल हैं, जिसमें एक टर्मिनल मैनेजर के तौर पर कार्यरत है और तीन एयरपोर्ट क्लीनर हैं। क्लीनर एयरपोर्ट पर ठेके पर काम करते हैं। इन सभी छह आरोपियों को डीआरआई ने न्यायिक हिरासत में लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। डीआरआई ने हाल ही में अहमदाबाद के सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अलग-अलग विदेशी यात्रियों से 60 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। आरोपी शरीर और अपने बैगों में यह हेरोइन छिपाकर लाए थे।
3.4 करोड़ का लाल चंदन किया जब्त
अहमदाबाद से करीब 25 किलोमीटर दूर साणंद के इंडस्ट्रीयल एरिया के एक गोदाम पर राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई)- अहमदाबाद ने दबिश देकर 3.4 करोड़ रुपए का 4.229 मीट्रिक टन लाल चंदन जब्त किया है। आरोपी यह लाल चंदन विदेश भेजने की फिराक में थे। यह 4.229 मीट्रिक टन लाल चंदन साणंद के इस गोदाम में कैटल फीड बैगों में छिपाया गया था। आरोपी इस गोदाम में लाल चंदन का थोड़ा-थोड़ा जखीरा लाते थे। बाद में 'टॉयलेटरीज साधनÓ बताकर इस लाल चंदन को वे निर्यात करते हैं। इसके अलावा आरोपी फर्जी नाम और पते से यह लाल चंदन देश के अलग-अलग हिस्सों में भी भेजते हैं। फिलहाल डीआरआई अधिकारियों ने लाल चंदन जब्त कर कार्रवाई प्रारंभ की है। लाल चंदन की तस्करी के मामले में डीआरआई टीम ने अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व भी मई माह में भी डीआरआई ने मुन्द्रा पोर्ट से 14.63 मीट्रिक टन लाल चंदन जब्त किया था। लाल चंदन विशेषतौर पर आंध्र प्रदेश के पूर्वी घाट के जंगलों में पाया जाता है। लाल चंदन के निर्यात पर रोक है।
Published on:
13 Jul 2022 08:16 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
