
धू-धू कर जला रावण
अहमदाबाद. तिथि क्षय-वृद्धि के चलते प्रदेश के कुछ इलाकों में गुरुवार को दशहरा मनाया गया, तो अनेक क्षेत्रों में शुक्रवार को भी विजय दशमी मनाई जाएगी। सरकारी छुट्टी गुरुवार को होने से ज्यादातर सरकारी कार्यालयों में गुरुवार को ही विजय दसमी मनाई और शस्त्रों की पूजा की गई।
अहमदाबाद की बात करें तो यहां पर साबरमती क्षेत्र स्थित अचेरा डिपो में गुरुवार को रावण दहन किया गया। रावण, कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों के दहन के समय आतिशबाजी का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। इसके अलावा, शहर के कुछ क्षेत्रों में शुक्रवार को भी दशहरा मनाया जाएगा।
दशहरा पर गुजरात में फाफड़ा-जलेबी का खाने की परम्परा होने से गुरुवार को लोगों ने जलेबी-फाफड़े का लुत्फ उठाया।
हैड क्वार्टर में शस्त्र पूजा :
राजकोट. राजकोट शहर पुलिस हैड क्वार्टर में शस्त्र पूजा की गई। पुलिस आयुक्त मनोज अग्रवाल, जेसीपी सिद्धार्थ खत्री, डीसीपी मनोहरसिंह जाडेजा आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
राजपूत समाज ने की शस्त्र पूजा :
जामनगर. राजपूत समाज की ओर से शस्त्र पूजन किया गया। उधर, नानकपुरी से एक विशाल रामसवारी निकाली गई। विभिन्न मार्गों से होती हुई रामसवारी प्रदर्शन मैदान में पहुंची, जहां रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।
उधर, इलेक्ट्रोनिक वस्तु व वाहनों की खरीदारी का माहौल भी देखने को मिला।
जामनगर जिला राजपूत युवा संघ के अध्यक्ष व जामनगर उत्तर सीट के विधायक धर्मेन्द्रसिंह जाडेजा, राजपूत समाज के अग्रणी पी. एस. जाडेजा, शहर युवा संघ के डी. के. जाडेजा, पूर्व महापौर धर्मेन्द्रसिंह झाला आदि उपस्थित रहे। पुलिस हैड क्वार्टर में जामनगर पुलिस परिवार की ओर से शस्त्रों की पूजा की गई।
रजवाड़ी ठाठ से निकली रैली
भावनगर. दशहरा पर भावनगर क्षत्रिय समाज की ओर से शस्त्र पूजन किया गया। इसके बाद गायत्री मंदिर से गरासिया बॉर्डिंग तक रजवाड़ी ठाठ के साथ रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग साफा पहनकर व हाथों में शस्त्र लेकर वाहनों के साथ जुड़े। बाद में शहीदों को याद किया गया।
हिम्मतनगर में रावण दहन
हिम्मतनगर. हिम्मतनगर में विश्व हिन्दू परिषद एवं नगरपालिका की ओर से शहर के रामजी मंदिर में और पुलिस हैड क्वार्टर में अधिकारियों की ओर से शस्त्र पूजा की गई। दोपहर को रामजी मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जो हाथमति नदी के किनारे पहुंची, जहां रावण के ३८ फीट ऊंचे पुतले का दहन किया गया।
शस्त्रों की पूजा
आणंद. लांभवेल रोड पर क्षत्रिय समाज के तत्वावधान में शस्त्रपूजा की गई, जिसमें क्षत्रिय एवं राजपूतों ने तलवार एवं अन्य हथियारों की सामूहिक शस्त्र पूजा की। जिला चरोतर राजपूत समाज की ओर से वासद के नीलकंठ पार्क में शस्त्रपूजा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजपूत समाज के अध्यक्ष अर्जुनसिंह महिडा, पूर्व विधायक जशुभा सोलंकी, राजपूत समाज के अग्रणी गजेन्द्रसिंह राज आदि उपस्थित रहे।
उधर, पंजाबी समाज की ओर से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने दांडिया-रास किया। व्यायाम शाला मैदान में रावण दहन किया गया।
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
