25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोधरा – लूणावाड़ा – मोडासा रेलवे लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सांसद ने की थी मांग, रेल मंत्रालय ने पत्र लिखकर दी जानकारी गोधरा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोधरा – लूणावाड़ा – मोडासा के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। जनसुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इस नई रेल […]

less than 1 minute read
Google source verification

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सांसद ने की थी मांग, रेल मंत्रालय ने पत्र लिखकर दी जानकारी

गोधरा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोधरा - लूणावाड़ा - मोडासा के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। जनसुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इस नई रेल लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे यानी (एफएलएस) को आधिकारिक मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
इस संबंध में रेल मंत्रालय की ओर से पंंचमहाल के सांसद राजपालसिंह जादव को पत्र लिखकर जानकारी दी गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में हुई चर्चा के संदर्भ में यह स्वीकृति दे दी गई है।
फाइनल लोकेशन सर्वे के तहत प्रस्तावित रेल मार्ग का सटीक रूट, भूमि की स्थिति, पुल-पुलिया, संभावित स्टेशनों के स्थान, तकनीकी व्यवहार्यता तथा अनुमानित लागत का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। यह सर्वे पूरा होने के बाद ही परियोजना के वास्तविक निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
गोधरा, लूणावाड़ा और मोडासा के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित होने से पंचमहाल, महीसागर, अरवल्ली जिलों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यात्रा अधिक सुगम और किफायती होगी। व्यापार, कृषि उत्पादों के परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में भी उल्लेखनीय सुधार की संभावना है।
यह परियोजना साकार होने पर उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। लंबे समय से की जा रही क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार का यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।