25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रेलवे का होली प्लान: अहमदाबाद स्टेशन पर 3 बड़े होल्डिंग एरिया, भीड़ नियंत्रण की विशेष तैयारी

पश्चिम रेलवे की विशेष ट्रेनों के कुल 684 फेरों से यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा अहमदाबाद. होली पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने व्यापक यात्री प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश की […]

2 min read
Google source verification

अहमदाबाद स्टेशन।

पश्चिम रेलवे की विशेष ट्रेनों के कुल 684 फेरों से यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

अहमदाबाद. होली पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने व्यापक यात्री प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सभी विभागों को यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे द्वारा विभिन्न गंतव्यों के लिए कुल 684 होली स्पेशल ट्रेनों के फेरे संचालित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के कालूपुर साइड पर होल्डिंग एरिया को तीन भागों में विभाजित किया गया है। इसमें मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब का ग्राउंड फ्लोर, पीआरएस कार्यालय के पास होल्डिंग एरिया, एलिवेटेड रोड के नीचे ऑटो व दोपहिया पार्किंग क्षेत्र का हिस्सा शामिल है।
इसी तरह सरसपुर साइड पर भी दो होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जिनमें बुकिंग कार्यालय के पास और बुकिंग कार्यालय से कूली मस्जिद मार्ग तक का क्षेत्र शामिल है। इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए पंखे, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

साबरमती स्टेशन पर 5000 यात्रियों की व्यवस्था, अलग प्रवेश-निकास

साबरमती रेलवे स्टेशन पर एक समय में लगभग 4,000 से 5,000 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग रखे गए हैं। अधिकांश होली स्पेशल ट्रेनें और अधिक भीड़ वाली गाड़ियां प्लेटफॉर्म नंबर 8 से संचालित होंगी।

अतिरिक्त हेल्प डेस्क और टिकट काउंटर स्टाफ तैनात

स्टेशन पर केंद्रीकृत घोषणा प्रणाली मजबूत की गई है। अतिरिक्त हेल्प डेस्क और टिकट काउंटर स्टाफ तैनात किया गया है। पेयजल, स्वच्छता और प्रतीक्षालयों की नियमित निगरानी होगी।आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सीसीटीवी के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।

मंडल स्तर पर बना वार रूम, अधिकारी करेंगे 24 घंटे निगरानी

यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए मंडल स्तर पर वार रूम बनाया गया है, जहां से वरिष्ठ अधिकारी 24 घंटे स्थिति पर नजर रखेंगे। यात्रियों को होली स्पेशल ट्रेनों और अतिरिक्त सेवाओं की जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।

दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए विशेष सहायता

दिव्यांग, बुजुर्ग और अस्वस्थ यात्रियों की सहायता के लिए सिविल डिफेंस टीम की विशेष तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए चिकित्सा टीम भी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।