अहमदाबाद

Gujarat Election2022: पूर्व सीएम रूपाणी, पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल सहित पांच पूर्व मंत्री नहीं लड़ेंगे चुनाव

Former CM vijay rupani, deputy CM Nitin patel will not contest -कई और के कट सकते हैं टिकट-दिल्ली आलाकमान के इनकार के बाद पांचों ने जारी किया पत्र-पार्टी की सेंस प्रक्रिया के दौरान तीनों के लिए मांगी गई थी टिकट-दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक

4 min read
Gujarat Election2022: पूर्व सीएम रूपाणी, पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल सहित पांच पूर्व मंत्री नहीं लड़ेंगे चुनाव

Ahmedabad. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल इस बार का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके साथ ही राज्य के तीन पूर्व मंत्री-भूपेन्द्र सिंह चुड़ास्मा, प्रदीप सिंह जाडेजा व आर सी फलदू -भी चुनावी समर में नहीं कूदेंगे। पार्टी ने इन्हें टिकट देने से स्पष्टतौर पर इनकार कर दिया है। इस निर्णय के मद्देनजर बुधवार देर रात आखिरकार इन नेताओं ने खुद अपने वीडियो व पार्टी प्रमुख को लिखे पत्र जारी कर चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा कर दी। एक साल पहले सितंबर 2021 में रूपाणी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके साथ उनके पूरे मंत्रिमंडल को भी हटा दिया गया था।
रूपाणी राजकोट पश्चिम, नितिन मेहसाणा सीट, चुड़ास्मा अहमदाबाद जिले की धोलका, जाडेजा अहमदाबाद शहर की वटवा सीट और फलदू जामनगर दक्षिण से विधायक हैं। रूपाणी सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों का इस बार के चुनाव में पत्ता कट सकता है। इसमें कौशिक पटेल, सौरभ पटेल सहित कई नाम भी चर्चा में हैं। गुजरात प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता यमल व्यास ने बताया कि इन सभी नेताओं ने खुद चुनाव नहीं लडऩे का निर्णय किया है। इस बारे में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भी लिखा है।


प्रत्याशियों की सूची से पहले जारी हुए बयान
182 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए बुधवार शाम को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। इस बैठक से पहले मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल भी दिल्ली पहुंचे। दोनों ने शाह और नड्डा के साथ बैठक की। बैठक में गुजरात के संसदीय बोर्ड की ओर से प्रत्याशियों के नाम की जो पैनल तैयार की गई है, उसमें से नामों को अंतिम रूप देने का काम किया। अंत समय तक रूपाणी, पटेल, जाडेजा के नाम चर्चा में रहे। पार्टी नेतृत्व ने टिकट देने से इनकार कर दिया। यह देख इन नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आने लगी। नितिन राज्य में लंबे समय तक मंत्री रहने वाले नेताओं में से एक हैं।

मैं चुनाव नहीं लडूंगा चुनाव: रूपाणी
राजकोट पश्चिम सीट से विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी ने वीडियो बयान में कहा कि वे चुनाव नहीं लडऩा चाहते हैं। इसलिए मैंने दावेदारी भी नहीं की थी। मैंने खुद भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को इस बारे में बता दिया था। मैं चाहता हूं कि युवाओं को मौका मिले और साथ ही उन्हें जिताने के लिए कार्य करूंगा। रूपाणी को भाजपा ने कुछ समय पहले ही पार्टी का पंजाब और चंडीगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया है। तभी से उनके चुनाव नहीं लडऩे की अटकलें चल रही थीं।

चुनाव नहीं लडऩा चाहता: नितिन

नितिन पटेल ने भी बुधवार को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सी आर पाटिल को पत्र लिखकर चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा की है। इस बारे में उनका बयान भी सामने आया है। इस संबंंध में जारी पत्र में उन्होंने लिखा कि उन्होंने स्वेच्छा से चुनाव नहीं लडऩे का निर्णय किया है। वे इस बार के चुनाव में महेसाणा सीट से उम्मीदवारी करना नहीं चाहते हैं। 1990 में पहली बार विधायक चुने गए नितिन 1977 में कडी नपा में सदस्य के रूप में जुड़े। जनसंघ और उसके बाद भाजपा में कार्यकर्ता के रूप में कडी से चार बार विधायक चुने गए फिर दो बार 2012 व 2017 में महेसाणा से विधायक चुने गए। 32 साल की राजनीति में वे कई बार मंत्री रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने काफी कुछ दिया है, पार्टी जो कहेगी वह करेंगे।

चुड़ास्मा का भी चुनाव लडऩे से इनकार
पूर्व कैनिबेट मंत्री व धोलका से विधायक भूपेन्द्र सिंह चुड़ास्मा भी इस बार के चुनाव में प्रत्याशी के रूप में देखने को नहीं मिलेंगे। उन्होने भी बयान जारी कर चुनाव लडऩे से इनकार कर दिया और कहा कि पार्टी ने उन्हें 9 बार टिकट दी है। वे पांच बार जीते और पांचों ही बार उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया है। हारने पर भी उचित स्थान दिया। चुड़ास्मा ने दावा किया कि उन्होंने अक्टूबर 2021 में ही गृह मंत्री अमित शाह के घर जाकर चुनाव लडऩे से इनकार कर दिया था। 5 नवंबर को प्रदेश के संसदीय बोर्ड की बैठक में भी कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे।

पूर्व गृह राज्यमंत्री जाडेजा भी नहीं लड़ेंगे
पूर्व गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा भी इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल को पत्र लिखकर चुनाव नहीं लडऩे की इच्छा व्यक्त की। वे चार बार विधायक और कई बार मंत्री भी रह चुके हंै।


फलदू ने भी किया इनकार
राज्य के पूर्व मंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रह चुके फलदू ने भी इस बार चुनाव नहीं लडऩे का फैसला किया। वे जामनगर दक्षिण सीट से विधायक हैं। रूपाणी सरकार में वे कृषि मंत्री के रूप में कार्यरत थे।

Updated on:
10 Nov 2022 07:58 am
Published on:
09 Nov 2022 10:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर