12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुजरात सरकार का बड़ा कबूलनामा: हेड क्लर्क भर्ती परीक्षा का पेपर हुआ था लीक, 6 आरोपी गिरफ्तार

GSSSB, head clerk paper leaked, Gujarat police, Fir register, 10 main accused, 6 arrested, Crime, Harsh sanghvi गृह राज्यमंत्री संघवी ने कहा, 10 मुख्य आरोपी चिन्हित, 24 टीमें जुटीं, साबरकांठा जिले में ही तीन जगह कराया गया हल, अन्य में जांच, 12 दिसंबर को ली गई थी परीक्षा, 88 हजार परीक्षार्थी हुए शामिल

2 min read
Google source verification
गुजरात सरकार का बड़ा कबूलनामा: हेड क्लर्क भर्ती परीक्षा का पेपर हुआ था लीक, 6 आरोपी गिरफ्तार

गुजरात सरकार का बड़ा कबूलनामा: हेड क्लर्क भर्ती परीक्षा का पेपर हुआ था लीक, 6 आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद. गुजरात सरकार ने शुक्रवार को कबूल किया कि गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (जीएसएसएसबी) की ओर से 12 दिसंबर को ली गई हेड क्लर्क भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ था।
गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि हेड क्लर्क भर्ती परीक्षा का पेपर परीक्षा से पहले लीक हो गया था। इसे लीक करने के मामले में मुख्य 10 आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। जिसमें से छह आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो गई है। चार अन्य भी रडार पर हैं।
साबरकांठा जिले में ही तीन जगहों पर पेपर को लीक करते हुए पेपर को हल कराने की बात अब तक की प्राथमिक जांच में सामने आई है। अन्य जिलों में भी यह लीक हुआ है या नहीं, उसकी जांच जारी है। पुलिस की 24 टीमें जांच में जुटी हैं। वे खुद इस मामले पर नजर रखे हुए हैं। तीन दिनों में अब तक 18 बैठकें खुद कर चुके हैं।
इस बाबत साबरकांठा जिले के प्रांतिज थाने में आरोपियों के विरुद्ध सरकार की ओर से जिले की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) के पुलिस निरीक्षक एम डी चंपावत ने शिकायतकर्ता बनते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

11 आरोपियों विरुद्ध इन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
प्रांतिज थाने में 11 नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें जयेश पटेल (उंछा गांव-प्रांतिज), जशवंत पटेल (उंछा गांव), देवल पटेल (उंछा गांव), ध्रुव बारोट (हिम्मतनगर), महेश पटेल (न्यू राणीप अहमदाबाद, मूल काणियोल, हिम्मतनगर), चिंतन पटेल (वदराड, प्रांतिज), कुलदीप पटेल (काणियोल, हिम्मतनगर), दर्शन व्यास (हिम्मतनगर), सतीश उर्फ हैपी पटेल (तलोद), सुरेश पटेल (कुडोल हिम्मतनगर), महेन्द्र पटेल (पोगलू, प्रांतिज) शामिल हैं।
इन पर आईपीसी की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 409 (लोकसेवक, बैंकर, व्यापारी या एजेंट द्वारा आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी), 120 बी (आपराधिक षडयंत्र) की धारा लगाई गई है। अन्य धाराएं भी जोडऩे की तैयारी है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार
साबरकांठा एलसीबी ने दर्शन व्यास, कुलदीप पटेल , चिंतन पटेल, ध्रुव बारोट,सुरेश पटेल,महेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।

कड़ी कार्रवाई करेंगे, 360 डिग्री जांच
गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि वे विश्वास दिलाना चाहते हैं कि पेपर लीक मामले में देशभर में अब तक आरोपियों पर जैसी कार्रवाई नहीं हुई होगी वैसी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे। किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा। इस मामले की जांच परीक्षा लेने वालों से लेकर पेपर बनाने, प्रकाशित करने, पहुंचाने, स्ट्रोंगरूम में रखने और परीक्षा केन्द्र पर तैनात कर्मचारियों लेकर सुरक्षा जवानों तक को शंका में रखते हुए की जा रही है। 360 डिग्री जांच हो रही है।

परीक्षा रद्द करने पर फैसला करेगा बोर्ड
संघवी ने कहा कि हेड क्लर्क की भर्ती परीक्षा रद्द करने को अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। जांच जारी है। इस पर फैसला परीक्षा लेने वाला गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड करेगा। इस संबंध में फैसला परीक्षा देने वाले 88 हजार उम्मीदवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।

बोर्ड अध्यक्ष को हटाने की उठी मांग, जबाव टाला
हेड क्लर्क भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मुद्दे को उठाने वाले युवराज सिंह जाड़ेजा ने कहा कि सरकार ने माना है कि पेपर लीक हुआ है। जिससे उनकी मांग है जब तक इस मामले की जांच जारी है तब ही सही गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (जीएसएसएसबी) के अध्यक्ष आसित वोरा को हटाया जाए। हालांकि गृह राज्यमंत्री से जब से सवाल पूछा गया तो वे इसे टाल गए।