
अहमदाबाद. गुजरात सरकार ने विज्ञान संकाय की उच्चतर माध्यमिक निजी स्कूलों की वार्षिक फीस के कट ऑफ में तीन हजार रुपए का इजाफा किया है। अब इन कक्षाओं के निजी स्कूलों की वार्षिक फीस का कट ऑफ २७ हजार की जगह ३० हजार रुपए होगा । पूर्व प्राथमिक, प्राथमिक कक्षाओं की १५ हजार रुपए वार्षिक फीस और माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक स्कूल (सामान्य संकाय) की वार्षिक फीस कट ऑफ २५ हजार रुपए जस की तस रखी गई है।
शिक्षामंत्री भूपेन्द्र सिंह चुड़ास्मा ने बुधवार को गांधीनगर में संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुप्रीमकोर्ट के निर्देश के आधार पर सुप्रीमकोर्ट में याचिका दायर करने वाले अभिभावकों का पक्ष सुनने के लिए गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) के अध्यक्ष ए.जे.शाह की अध्यक्षता में समिति गठित की थी। इस समिति ने सार्वजनिक घोषणा करते हुए अभिभावकों के पक्ष को सुना था। कई निजी स्कूलों की ओर से भी अपना पक्ष समिति के सामने रखा गया था। इसके आधार पर इस समिति ने की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट में की गई सिफारिश को राज्य सरकार ने मान्य रखा है।
समिति की सिफारिश के तहत उच्चतर माध्यमिक विज्ञान संकाय की स्कूलों की सालाना फीस का कट ऑफ २७ हजार रुपए से बढ़ाकर ३० हजार किया जा रहा है। क्योंकि विज्ञान संकाय की स्कूलों में लैबोरेटरी, कैमिकल खर्च, लैब असिस्टेंट व अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की जाती है। इस पर होने वाले खर्च को ध्यान में रखते हुए कट ऑफ में वृद्धि की गई है।
पूर्व प्राइमरी (नर्सरी), पूर्व प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक सामान्य संकाय की फीस में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा रहा है। इन कक्षाओं के निजी स्कूलों का सालाना कट ऑफ जस का तस रखा गया है।
ज्यादा फीस लेने वाले निजी स्कूलों को दो सप्ताह में करना होगा आवेदन
चुड़ास्मा ने बताया कि सरकार की ओर से घोषित किए गए इन कट ऑफ से ज्यादा फीस जो निजी स्कूल ले रहे हैं, उन्हें दो सप्ताह के अंदर अपने जोन की फीस निर्धारण समिति के समक्ष आवेदन करना होगा। फीस को जायज ठहराने के लिए उन्हें अपने खर्च, इन्फ्रास्ट्रक्चर व अन्य कागजातों को भी पेश करना होगा।
Published on:
28 Feb 2018 10:44 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
