18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Gujarat LRD paper leak: म.प्र. में एफसीआई का पेपर लीक करने वाले गिरोह का हाथ

गुजरात पुलिस एलआरडी पेपर लीक मामला,दिल्ली, इंदौर से दो आरोपियों को पकड़ा, अन्य की तलाश, गुजरात के भी तीन और मुख्य आरोपियों के नाम से उठा पर्दा

3 min read
Google source verification
Sp Mayur chavda

Gujarat LRD paper leak: म.प्र. में एफसीआई का पेपर लीक करने वाले गिरोह का हाथ

अहमदाबाद. गुजरात पुलिस लोक रक्षक दल (एलआरडी) भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के आरोप में दो और आरोपियों को गुजरात पुलिस ने दिल्ली एवं इंदौर से गिरफ्तार किया है। मध्यप्रदेश में इसी साल अप्रेल २०१८ में एफसीआई वॉचमैन भर्ती का पेपर लीक करने वाले गिरोह का हाथ है। यह गिरोह दिल्ली का है। गुजरात पुलिस ने इस मामले में लिप्त गुजरात के तीन और मुख्य आरोपियों के नाम से पर्दा उठाया है। इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी यशपाल सिंह सहित 11 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। विनीत और अशोक साहू के साथ आरोपियों की संख्या 13 पर पहुंच गई है।
गांधीनगर पुलिस अधीक्षक मयूर चावड़ा ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि एलआरडी पेपर लीक मामले में दिल्ली से विनीत कुमार माथुर और म.प्र.के इंदौर से अशोक साहू को पकड़ा है। गुजरात एटीएस और अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की मदद से इन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
चावड़ा ने बताया कि पकड़ा गया विनीत माथुर और अशोक साहू यह दोनों ही पेपर लीक करने वाली दिल्ली गैंग के मुख्य दो सदस्यों में से एक हैं। गिरोह का मुखिया मनीष सिंह बलवंत सिंह शर्मा है, जो मूलरूप से हरियाणा के झज्जर का रहने वाला है, हाल दिल्ली में रहता है। पकड़ा गया आरोपी अशोक साहू मूलरूप से म.प्र.के रतलाम का निवासी है। उसे इंदौर से पकड़ा। उसके घर से गुजरात सहित देशभर के अलग अलग राज्यों के भर्ती बोर्ड की परीक्षा से जुड़ी अध्ययन सामग्री जब्त की है।
इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी यशपाल सिंह सोलंकी व दो अन्य आरोपियों को लेकर गांधीनगर पुलिस दिल्ली पहुंची थी। इन आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली से मुख्य विनीत माथुर को गिरफ्तार करने एवं दिल्ली में जिन जगहों पर पेपर दिखाए उन जगहों को चिन्हित करने में गांधीनगर पुलिस को सफलता मिली है। चावड़ा ने बताया कि आरोपियों और परीक्षार्थियों के दिल्ली-गुडग़ांव पहुंचने के सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं।
एफसीआई पेपर लीक मामले में हो चुका है गिरफ्तार
चावड़ा ने बताया कि अशोक साहू की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि वो इसी साल अप्रेल २०१८ में म.प्र.में एफसीआई वॉचमैन भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल जमानत पर है और छूटने के बाद उसने फिर से झज्जर के मनीष के साथ मिलकर गुजरात पुलिस एलआरडी का पेपर लीक किया। मनीष सिंह म.प्र.के एफसीआई पेपर लीक मामले में भी वांछित है। इस गिरोह ने म.प्र.एफसीआई का पेपर भी प्रति विद्यार्थी पांच लाख रुपए में ही लीक किया था। उस मामले में म.प्र.एसटीएफ ने ४८ परीक्षार्थी और दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है। उसमे अशोक साहू है। जमानत पर छूटने बाद साहू ने गुजरात पुलिस एलआरडी पेपर लीक करने में अहम भूमिका निभाई है।
आश्रम रोड के होटल में बैठक बाद दिल्ली में दिखाया पेपर
चावडा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि २८ नवंबर २०१८ को दिल्ली के पेपर लीक गिरोह का अब तक का मुखिया मनीष सिंह, रतलाम निवासी अशोक साहू दो व उनके साथ आए दो अन्य व्यक्तियों की गुजरात से पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपियों अहमदाबाद नवा नरोडा निवासी सुरेश पंड्या, दस्क्रोई निवासी अश्विन परमार, वडोदरा निवासी निलेश चौहान और वडोदरा निवासी इंद्रवदन परमार के साथ अहमदाबाद के आश्रम रोड पर स्थित होटल वाइस प्रेसिडेंट में आकर ठहरे थे। निलेश ने होटल में कमरा बुक कराया था। यहीं सभी की बैठक हुई। यहां षडयंत्र रचा गया कि कैसे इस पेपर को लीक करके परीक्षार्थियों को दिखाना है। बैठक के बाद ही नाना चिलोडा से चार से पंच वाहनों में करीब २८ परीक्षार्थियों को लेकर आरोपी कार से और कुछ को विमान के जरिए दिल्ली ले गए थे। वहां उन्हें पांच अलग अलग ग्रुप में विभाजित करके अलग अलग जगह पर पेपर दिखाए थे। मनीष यहां से विमान से दिल्ली गया और पेपर दिखाने की व्यवस्था विनीत के साथ की।
विनीत ने दिल्ली में की पेपर दिखाने की व्यवस्था
चावड़ा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनीत कुमार ने दिल्ली पहुंचे गुजरात के परीक्षार्थियों को पांच अलग-अलग ग्रुप में बांटकर दिल्ली पासिंग की गाडिय़ों से अलग अलग जगह ले जाने, उन पर नजर रखने के लिए सिक्योरिटी गार्ड (बाउंसरों) की व्यवस्था की थी। पेपर भी दिखवाए थे फिर वापस उनकी कार तक छुड़वाया था। ऐसे में गुजरात पुलिस के हाथ एक अहम आरोपी लगा है, जिसने दिल्ली में पेपर लीक मामले में अहम भूमिका निभाई। इसे गांधीनगर लाया जा चुका है। अशोक साहू को लाया जा रहा है। देर रात तक वो गांधीनगर पहुंच जाएगा।