
फाइल फोटो।
गांधीनगर. गुजरात कैंसर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (जीसीआरआइ), इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीज एंड रिसर्च सेंटर (आइकेडीआरसी) और यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर अब राज्य के अन्य शहरों में भी अपनी सेवाओं विस्तार देंगे। इसके लिए कई शहरों में यह संस्थान अपने कैंसर, किडनी और हृदय रोग के सुपर स्पेशियलिटी इलाज के लिए सेंटर शुरू करेंगे।गुजरात विधानसभा में बुधवार को पेश हुए वर्ष 2026-27 के बजट में यह घोषणा की गई। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग को इस साल 25,403 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।
आइकेडीआरसी का सेटेलाइट सेंटर अब अहमदाबाद स्थित सोला सिविल अस्पताल, गांधीनगर, सूरत और भावनगर में भी शुरू होगा। इसके लिए बजट में 186 करोड़ का प्रावधान किया है। इसी तरह यूएन मेहता हार्ट इंस्टीट्यूट भी सूरत, सोला सिविल, गांधीनगर, भावनगर, राजकोट, पोरबंदर में अपने सेटेलाइट सेंटर शुरू करेगा। इसके लिए 167 करोड़ का प्रावधान किया है। जीसीआरआइ भी राजकोट, भावनगर, पोरबंदर, वलसाड, सिद्धपुर, हिम्मतनगर और गोधरा के अस्पतालों में अपने सेटेलाइट सेंटर शुरू करेगा। इसके लिए 153 करोड़ का प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य राज्य में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देना है।2.72 करोड़ लोगों को 10 लाख तक कैशलेस चिकित्सासरकार ने मा योजना के तहत गरीब और मध्यम वर्ग के लगभग 2.72 करोड़ लोगों को 10 लाख रुपए तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए 3,472 करोड़ का प्रावधान किया है।
गुजरात मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च सोसाइटी (जीएमईआरएस) संचालित मेडिकल अस्पतालों के लिए 1,851 करोड़ तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य और गैर संक्रामक रोग नियंत्रण (श्रेष्ठ गुजरात प्रोजेक्ट) के लिए 502 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।अहमदाबाद, सूरत में मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के लिए 500 करोड़अहमदाबाद और सूरत में कैंसर, कार्डियक-न्यूरो, यूरो-नेफ्रो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में नए चिकित्सा उपकरण के लिए 200 करोड़ का प्रावधान है।
राजकोट स्थित पीडीयू अस्पताल में 1,000 बेड की नई सुविधा के लिए 90 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राज्य के छह सरकारी सिविल अस्पतालों में आइसीयू सेवाओं के लिए 60 करोड़ रुपए, अहमदाबाद में न्यूरो-ऑर्थो स्पोर्ट्स इंजरी रिहैबिलिटेशन सेंटर बनेगा। टी.बी. मरीजों को पौष्टिक स्नैक्स उपलब्ध कराने को 30 करोड़ का प्रावधान किया है।
मातृ-शिशु कल्याण सेवाओं को मजबूत करने के लिए 250 खिलखिलाट वैन खरीदी जाएंग। इसके लिए 16 करोड़ का प्रावधान किया है। स्कूल हेल्थ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वास्थ्य कार्ड देने की योजना भी बजट में शामिल है।
सूरत नई सिविल अस्पताल में स्टाफ क्वार्टर्स के निर्माण को 53 करोड़, वडोदरा में सरकारी मेडिकल कॉलेज में होस्टल निर्माण को 41 करोड़, जिला और उप-जिला अस्पतालों में डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर स्थापित करने को 36 करोड़ का प्रावधान किया है। अहमदाबाद में सुपर स्पेशियलिटी होस्टल और मेस भवन के लिए 35 करोड़ का प्रावधान है। वलसाड, डांग, नर्मदा, छोटाउदेपुर और कच्छ जिलों के 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 28 करोड़, जामनगर की सरकारी फिजियोथेरेपी कॉलेज के अस्पताल और होस्टल भवन के लिए 26 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा होम बेस्ड केयर फॉर यंग चाइल्ड योजना के लिए 22 करोड़, सूरत की फूड एंड ड्रग्स लैबोरेटरी के लिए 17 करोड़ का प्रावधान किया है।
Published on:
18 Feb 2026 11:42 pm
