10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: स्वच्छ, हरित विद्यालय मूल्यांकन में धोलका का इंगोली प्राथमिक स्कूल देशभर में अव्वल

-शिक्षा मंत्रालय:: राष्ट्रीय स्तर पर चमका अहमदाबाद जिले का यह स्कूल, 10 लाख से ज्यादा स्कूलों को छोड़ा पीछे, पाए 100 फीसदी अंक, -राज्य की 43527 स्कूलों में सबसे बेहतर प्रदर्शन, एनसीईआरटी के राष्ट्रीय समारोह में मिलेगा 'नेशनल सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट'
2 min read
Google source verification
Ingoli primary school

अहमदाबाद जिले की धोलका तहसील के इंगोली प्राइमरी स्कूल में साबुन से हाथ धोतीं छात्राएं।

Ahmedabad. गुजरात के सरकारी विद्यालय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का परचम लहराया है। अहमदाबाद जिले की धोलका तहसील के इंगोली प्राथमिक स्कूल ने भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ स्कूल एजूकेशन एंड लिटरेसी की ओर से वर्ष 2025-26 के 'स्वच्छ और हरित विद्यालय मूल्यांकन ' में पूरे देश में पहला स्थान पाया है। स्कूल ने सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। देशभर के 10,47,859 सरकारी, निजी, केंद्रीय विद्यालयों तथा सैनिक स्कूलों को भी पीछे छोड़ते हुए सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है।

इस राष्ट्रीय मूल्यांकन में गुजरात की 43,527 स्कूलों ने भाग लिया था। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही, जिसमें पहले स्कूलों का स्व-मूल्यांकन हुआ। तहसील, जिला और राज्य स्तर पर विशेषज्ञ टीमों ने चरणबद्ध सत्यापन किया। राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को ही राष्ट्रीय स्तर के लिए नामित किया गया, जहां स्वतंत्र थर्ड पार्टी एजेंसी ने अंतिम मूल्यांकन किया।

शिक्षा मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल और बिहेवियर चेंज प्रोग्राम के मानकों के अनुसार विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त शौचालय, साबुन से हाथ धोने की व्यवस्था, संचालन एवं रखरखाव, विद्यार्थियों में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवहार परिवर्तन, क्षमता निर्माण कार्यक्रम तथा 'मिशन लाइफ' के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों का मूल्यांकन किया गया। इंगोली प्राथमिक स्कूल ने सभी मानकों पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देश में पहला स्थान प्राप्त किया। अब एनसीईआरटी के सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल टेक्नोलॉजी (सीआइईटी) द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह में इंगोली प्राथमिक स्कूल को 'नेशनल सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट' से सम्मानित किया जाएगा।

सामूहिक प्रयास का परिणाम, गौरवपूर्ण क्षण: प्राचार्य

स्कूल के प्राचार्य धर्मांशु प्रजापति ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय जनभागीदारी के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि 100 प्रतिशत अंक के साथ देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि भविष्य में गुणवत्ता बनाए रखने और इससे भी ऊंचे लक्ष्य हासिल करने की नई प्रेरणा देती है।

राष्ट्रीय सूची में गुजरात के 15 स्कूल

इसमें देशभर से चयनित 191 विद्यालयों की राष्ट्रीय सूची में गुजरात की सर्वाधिक 15 स्कूलों को स्थान मिला है। इनमें धोलका की इंगोली प्राथमिक स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त कर अहमदाबाद जिले और पूरे गुजरात का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इससे पहले भी विद्यालय वर्ष 2016 से 2018 के दौरान स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार में जिला स्तर पर क्रमशः तीसरे और प्रथम स्थान पर रहा था। वर्ष 2021-22 में जिला और राज्य में प्रथम तथा राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया था।