2 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद के नौ ब्रिजों के नीचे तैयार होंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं

महानगरपालिका भविष्य में इन केंद्रों पर स्थानीय टूर्नामेंट, कोचिंग कैंप और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करेगी। साथ ही नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और मिनी स्टेडियम विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक जैसे संभावित अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को ध्यान में रखते हुए यह पहल अहमदाबाद को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे खेल पर्यटन, रोजगार और स्थानीय प्रतिभाओं के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

2 min read
Google source verification
International-Standard Sports Facilities

अहमदाबाद में ब्रिज के नीचे तैयार की गई खेल की सुविधा।

अहमदाबाद शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है। इसके तहत शहर के नौ प्रमुख ब्रिजों के नीचे स्थित खाली और अनुपयोगी जगहों को आधुनिक स्पोर्ट्स एक्टिविटी सेंटर में परिवर्तित किया जाएगा। इन केंद्रों में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मनपा का मानना है कि इस पहल से न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहर की खाली जगहों का भी बेहतर उपयोग हो सकेगा।

मनपा के अनुसार सोला स्थित सिम्स अंडरब्रिज और राणिप ओवरब्रिज के नीचे अत्याधुनिक स्पोर्ट्स एक्टिविटी सेंटर तैयार किए जा चुके हैं और यहां खेल गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। इसके अलावा बोपल में लक्ष्मणराव वकील साहेब ब्रिज, अंजली ब्रिज तथा घोड़ासर ब्रिज के नीचे भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित करने का कार्य चल रहा है। साथ ही बापूनगर स्थित दिनेश चैंबर फ्लाईओवर ब्रिज, मणिनगर के गुरुजी ओवरब्रिज, गुजरात कॉलेज रेलवे ओवरब्रिज तथा ओढ़व के राजेंद्र पार्क फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे भी स्पोर्ट्स सेंटर विकसित किए जाएंगे। इन सभी परियोजनाओं का संचालन पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत किया जाएगा।

इन खेलों की होगी सुविधा

इन स्पोर्ट्स सेंटरों में क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और स्केटिंग जैसी खेल गतिविधियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। सिम्स ब्रिज के नीचे तैयार केंद्र में एयर हॉकी, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, बॉक्स क्रिकेट, पिकलबॉल, बास्केटबॉल, पूल टेबल, फूजबॉल और लूडो जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राणिप केंद्र में भी अधिकांश खेल सुविधाएं शुरू कर दी गई हैं। खिलाड़ियों और बच्चों के लिए आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

मनपा अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, उन्हें अपने क्षेत्र में ही प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराना तथा फिटनेस को जनआंदोलन का स्वरूप देना है। केंद्रों पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त एलईडी प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था भी की जाएगी।

बड़े खेल आयोजनों को ध्यान में रखकर तैयारी