
JEE Main 2023 result : अहमदाबाद के 2 छात्रों का एनटीए स्कोर 100, जानिए क्या हैं नाम, इस आईआईटी से करना चाहते हैं बीटेक
Ahmedabad. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से 24 जनवरी से 1 फरवरी के दौरान ली गई संयुक्त प्रवेश परीक्षा-मुख्य (जेईई मैन्स) के 2023 के पहले सत्र में 20 छात्रों ने 100 स्कोर पाया है। इन 20 छात्रों की सूची में अहमदाबाद के दो छात्र -कौशल विजयवर्गीय और हर्षुल सुथार ने भी 100 स्कोर पाकर अपना नाम दर्ज कराया है। दोनों ही छात्र आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं। एनटीए ने सोमवार देर रात जेईई मैन्स 2023 के पहले सत्र का परिणाम घोषित किया है। देशभर में 8.60 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 95.79 प्रतिशत ने परीक्षा दी थी। 100 स्कोर पाने वालों में अन्य छात्रों में अभिनीत मजेटी, अमोघ जालान, अपूर्व समोटा, आशिक स्टेनी, बिक्कीना अभिनव चौधरी, दशांक प्रताप सिंह, ध्रुव जैन, द्यानेश सिंधे, दुग्गेनी वेंकट युगेश, गुलशन कुमार, गुछीकोंडा अभिराम, क्रिश गुप्ता, मयंक सोनी, एन के विश्वजीथ, निपुन गोयल, ऋषी कालरा, सोहम दास,वावीलाला चिडविलास रेड्डी शामिल हैं। टॉप 20 में कोई छात्रा शामिल नहीं है।
एलन इंस्टीट्यूट अहमदाबाद के उपाध्यक्ष तुषार पारेख ने बताया कि गुजरात से करीब 85 हजार विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी थी। उसमें से करीब 10 फीसदी ने 99 पर्सेन्टाइल पाए हैं। उनके संस्थान के दो छात्रों ने भी 100 स्कोर किया है। 300 में से 296 अंक का परिणाम जारी किया है। 4 अंक का एक प्रश्न स्थगित रखा है।
एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों से करें तैयारी
जेईई मैन्स 2023 के पहले सत्र में 100 स्कोर प्राप्त करने वाले कौशल विजयवर्गीय ने बताया कि उन्हें अच्छे अंक आने की तो उम्मीद थी लेकिन इसका कतई अंदाजा नहीं था कि वे सभी विषयों -गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान में 100 में से 100 पर्सेन्टाइल अंक प्राप्त कर लेंगे। उन्होंने गणित में 96 में से 96, भौतिक और रसायन विज्ञान में 100 में से 100 अंक पाए हैं। कई मॉक टेस्ट दिए उसमें तक में 100 स्कोर नहीं आया था। मूलरूप से मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी हाल अहमदाबाद में रहने वाले कौशल कहते हैं कि बेहतर स्कोर के लिए एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों को ही आधार बनाकर तैयारी करनी चाहिए। कंसेप्ट क्लियर करना चाहिए। जब तक मन लगे तब तक पढ़ें। वे खुद को तरोताजा करने के लिए फिल्में देखते थे। वे आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं। उनके बड़े भाई अंशुल ने आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल ब्रांच से बीटेक किया है। अभी आईआईटी दिल्ली से कंप्यूटर टेक्नोलॉजी से एमटेक कर रहे हैं। बड़े भाई के जरिए प्रेरणा और मोटिवेशन मिला। पिता किरणकुमार पंजाब नेशनल बैंक में हैं। मां मधूबाला गृहिणी हैं।
पिता, बड़े भाई की तरह बनना है इंजीनियर, आईआईटी बॉम्बे पहली पसंद
हर्षुल सुथार ने भी जेईई मैन्स 2023 के पहले सत्र में 100 स्कोर प्राप्त किया है। गणित, भौतिक विज्ञान में शतप्रतिशत अंक पाए हैं। वे पिता और बड़े भाई की तरह इंजीनियर बनना चाहते हैं। पिता संजय सुथार अहमदाबाद महानगर पालिका में इंजीनियर हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की है। बड़ा भाई देवांश कंप्यूटर इंजीनियर है। अभी जॉब कर रहा है। वे आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं। मां वर्षाबेन गृहिणी हैं। हर्षुल बताते हैं कि सफलता के लिए जरूरी है कि कंसेप्ट क्लियर रखो। शुरुआत से ही इसकी आदत डालो। अपने हिसाब से हर विषय के महत्वपूर्ण मुद्दों की नोट्स तैयार करो। एक्जाम के समय दो से तीन बार उसे पढ़ो। एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों पर ही फोकस करो। हर्षुल बताते हैं कि उन्होंने आठवीं कक्षा से ही जेईई एडवांस के लिए तैयारी शुरू की है। सोशल मीडिया से दूर रहते हैं। फ्री टाइम में क्रिकेट खेलते हैं।
Published on:
07 Feb 2023 05:03 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
