नडियाद के चिकित्सक के पुत्र को जर्मनी के हॉस्टल में विद्यार्थियों ने बनाया बंधक, विदेश मंत्रालय की मदद से करवाया मुक्त
आणंद. खेडा जिले के नडियाद स्थित मूळजीभाई पटेल यूरोलॉजिकल हॉस्पिटल में कार्यरत व मूल पश्चिम बंगाल के एक चिकित्सक के पुत्र को जर्मनी के हॉस्टल से विदेश मंत्रालय की मदद से मुक्त करवाया गया है।
सूत्रों के अनुसार नडियाद स्थित मूळजीभाई पटेल यूरोलॉजिकल हॉस्पिटल में कार्यरत चिकित्सक डॉ. मुखोपाध्याय का पुत्र रतिब्राता (18 वर्ष) जर्मनी के एबर हाल्र्ड काल्र्स यूनिवर्सिटी में अध्ययन के लिए गया। हॉस्टल में रह रहे रतिब्राता को विद्यार्थियों ने एक कमरे में पिछले दो दिन से बंधक बना रखा था और इंजेक्शन व ड्रग्स दिए जा रहे थे।
परिजनों को सूचना मिलने पर पुत्र को बचाने व मुक्त करवाने के लिए खेडा के सांसद देवुसिंह चौहाण से संपर्क किया गया। उन्होंने विदेश मंत्रालय से संपर्क किया और जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास की मदद से जर्मनी की पुलिस से संपर्क के बाद रतिब्राता को मुक्त करवाकर वहां के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया।
सांसद की अपील पर तत्काल पासपोर्ट बनवाया, आज रवाना होंगे परिजन
जानकारी के अनुसार डॉ. मुखोपाध्याय दंपती को तत्काल पासपोर्ट के लिए सांसद चौहाण ने विदेश मंत्रालय से अपील की। इस पर तत्काल पासपोर्ट जारी किया गया है, अब डॉ. मुखोपाध्याय दंपती शनिवार को जर्मनी रवाना होंगे।