
Ahmedabad: महानगरपालिका की ओर से हाल ही में शहर के दरियापुर वार्ड के जूना माधवपुरा इलाके में मिलावट की आशंका पर बरामद की गई हल्दी निम्नस्तर की पाई गई। इसकी रिपोर्ट में सामने आया है कि हल्दी में गेहूं व चने का आटा मिलाया गया। साथ ही स्टार्च की मात्रा भी सामान्य से कहीं अधिक मिली। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में काजू के टुकड़े भी जब्त किए गए थे, जिसकी जांच रिपोर्ट अभी लंबित है। इस गोदाम के संचालक के पास आधिकारिक लाइसेंस भी नहीं मिला था।
अहमदाबाद मनपा के स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में तीन दिन पहले जूना माधवपुरा इलाके में सुदामोमल तनुमल अविनाश मसाला नामक गोदाम पर जांच की गई। इस दौरान मसाला गोदाम से 2500 किलो हल्दी, जिसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपए आंकी गई और 1400 किलो काजू के 4.90 लाख रुपए कीमत के टुकड़े भी बरामद किए। शंकास्पद सामान होने पर तुरंत सीज़ कर लिया गया और नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। सोमवार को इनकी रिपोर्ट आई जिसमें हल्दी निम्न गुणवत्ता की पाई गई।
स्टार्च की मात्रा 84.8 फीसदी तक मिली
मनपा के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हल्दी में आमतौर पर स्टार्च की मात्रा 40 से 60 फीसदी तक हो सकती है लेकिन जब्त की गई हल्दी की रिपोर्ट में यह मात्रा 84.8 प्रतिशत पाई गई। काजू के नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है और उसके परिणाम आने बाकी हैं। फिलहाल जब्त किए गए पूरे माल को सीज़ कर लिया गया है।