
मकान में छत के प्लास्टर के साथ पंखा गिरने से मां-बेटी की मौत
हिम्मतनगर. साबरकांठा जिले के मुख्यालय हिम्मतनगर के पोलो ग्राउंड इलाके में सोमवार देर रात को एक मकान में छत के प्लास्टर के साथ पंखा गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई।
हिम्मतनगर के पोलो ग्राउंड में मुस्तफा मस्जिद रोड पर सर्वोदय सोसायटी के सामने एक मकान में मुमताजबानू, बेटी बुसराबीबी और बेटा मतीन रहते हैं। सोमवार की रात को मुमताजबानू (56) और उनकी बेटी बुसराबीबी (19) पंखा चालू करके घर में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे अचानक छत का प्लास्टर और पंखा मां-बेटी पर गिर गया।शोर मचाने पर परिजन और रिश्तेदार दौड़कर वहां पहुंचे। घायल मां-बेटी को मलबे से निकाला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों को समीप के निजी अस्पताल व वहां से हिम्मतनगर के सिविल ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सिविल अस्पताल से हिम्मतनगर बी डिवीजन पुलिस को सूचित किया।
हिम्मतनगर बी डिवीजन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बी डिवीजन थाने के उप निरीक्षक वी आर चौहाण और एफएसएल के विशेषज्ञ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। छत में लगे लोहे के सरिए सड़ गए और चलता हुआ पंखा मां-बेटी के ऊपर गिर गया। सड़़े हुए सरिए से क्लैंप के साथ मलबा निकला था। इस संबंध में हिम्मतनगर बी डिवीजन पुलिस ने मुमताजबानू के भाई जाकिर हुसैन मोहम्मद सफी साबुगर की सूचना के आधार पर मामला दर्ज किया है।
Published on:
18 Jul 2023 10:22 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
