6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: लापरवाह डंपर चालक ने छीनी दो जिंदगियां, मां-बेटे की मौत

-स्कूल से लौटते समय वस्त्राल-हाथीजण रिंग रोड पर घटी घटना, डंपर चालक दुपहिया वाहन को टक्कर मारकर हुआ फरार, बेटे की मौके पर मौत, मां ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
2 min read
Google source verification
Accident in Ahmedabad

वस्त्राल-हाथीजण रिंग रोड पर वाहन दुर्घटना होने के चलते एकत्रित भीड़।

Ahmedabad. शहर के वस्त्राल-हाथीजण एसपी रिंग रोड पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से स्कूटर सवार मां-बेटे की मौत हो गई। हादसे में साढ़े तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही जान चली गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसकी मां ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक डंपर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे घटी। वस्त्राल-हाथीजण रिंग रोड पर स्कूटर पर कामिनी प्रजापति उनके बेटे सात्विक को लेकर गुजर रही थी। इसी समय डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटर को टक्कर मार दी। इस घटना में स्कूटर पर सवार बालक सात्विक बुरी तरह से जख्मी हो गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में कामिनी भी जख्मी हो गईं। उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया जहां महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि निकोल की एक सोसाइटी में रहने वाली कामिनी बालक को स्कूटर पर प्री-नर्सरी से लेकर वापस घर जा रहीं थीं। उसी समय यह हादसा हो गया।

घटना के चलते लगा ट्रैफिक जाम

इस घटना के चलते रिंगरोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही जे डिवीजन ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। उसने रिंग रोड पर लगे जाम को खुलवाया।

वाहन को मौके पर छोड़कर चालक फरार

डंपर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। ऐसे में पुलिस ने डंपर को जब्त करते हुए उसके वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर डंपर के मालिक और उसके आधार पर डंपर के चालक की तलाश शुरू की है।

रिंग रोड पर स्पीड ब्रेकर की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि एसपी रिंग रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। अपोलो टायर के पास मोड़ होने के बावजूद वाहन चालक गति कम नहीं करते। लोगों ने यहां स्पीड ब्रेकर बनाने और भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है। स्थानीय निवासी महेन्द्रभाई ने कहा कि एसपी रिंग रोड पर ही उनका कार्यालय है। यहां डंपर व अन्य भारी वाहनों के लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या बढ़ रही है। इससे कई बार वाहन हादसे के चलते लोगों की जान भी चली जाती है।