7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लौह पुरुष की जन्म स्थली नडियाद को मिलेगा मनपा का दर्जा

आखिरकार रंग लाई गुहार केन्द्रीय मंत्री चौहाण, स्थानीय विधायक देसाई ने जताई खुशी

2 min read
Google source verification
लौह पुरुष की जन्म स्थली नडियाद को मिलेगा मनपा का दर्जा

नडियाद नगरपालिका।

आणंद.नडियाद. आखिरकार रंग लाई गुहार। स्थानीय नेताओं व लोगों के कई प्रतिनिधित्व के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्म स्थली नडियाद को अब महानगरपालिका का दर्जा मिलेगा। राज्य सरकार की ओर से बुधवार को राज्य विधानसभा में बजट सत्र के दौरान यह घोषणा की गई। खेड़ा जिला के मुख्यालय नडियाद को महानगरपालिका का दर्जा देने की घोषणा से लोगों में खुशी देखी गई।

पटेल की जन्मस्थली नडियाद में सरदार पटेल के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम के कई सत्याग्रह हुए। नडियाद के विधायक पंकज देसाई की मांग पर विचार करते हुए नडियाद को महानगर पालिका घोषित किया गया है। देसाई और खेड़ा जिला भाजपा अध्यक्ष अजय ब्रह्मभट्ट ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल और राज्य सरकार से मांग भी की थी। उनके प्रस्ताव के बाद नडियाद को महानगरपालिका घोषित किया गया।

इस निर्णय के लिए देसाई ने विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और वित्त मंत्री कनू देसाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि नडियाद एक साक्षर भूमि है जहां कई साहित्यकारों और लेखकों ने जन्म लिया। नडियाद आज़ादी के समय क्रांतियों और आंदोलनों की भूमि रही है।

अहमदाबाद-वडोदरा के बीच तेजी से विकसित होता शहर

देसाई ने कहा कि नडियाद एक तेजी से विकसित हो रहा शहर है जो अहमदाबाद और वडोदरा के मध्य में है। लोग इस शहर में रहना पसंद करते हैं।

स्वागत योग्य कदम: केन्द्रीय मंत्री

केंद्रीय संचार राज्यमंत्री सह खेड़ा के सांसद देवुसिंह चौहाण ने भी विधानसभा में राज्य सरकार की ओर से नडियाद को महानगरपालिका का दर्जा देने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नडियाद शहर की भावना और मांग को उन्होंने सरकार के समक्ष रखा। जिस पर राज्य सरकार ने अनुकूल प्रतिक्रिया दी है। यह स्वागत योग्य है। चौहाण ने इस घोषणा पर खुशी जताते हुए राज्य सरकार की सराहना की।

एक नजर में नडियाद शहर

जनसंख्या : 3,25,762

वार्ड : 13

पार्षद : 52 (भाजपा-42, निर्दलीय- 9, कांग्रेस -1)

नपा अध्यक्ष : किन्नरी शाह

नपा उपाध्यक्ष : कल्पेश रावल

विशेषता : सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म स्थान, संतराम मंदिर, गुजरात आंदोलन के प्रणेता इंदुलाल याज्ञिक की कर्मभूमि, साक्षर नगरी के नाम से प्रसिद्ध।

गांधी की जन्म स्थली है पोरबंदर

पोरबंदर से कांग्रेस विधायक अर्जुन मोढ़वाडिया ने पोरबंदर को मनपा बनाने के लिए राज्य सरकार को इस निर्णय के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पोरबंदर जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म स्थल है, वहीं नडियाद सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मस्थली है।

एक नजर में पोरबंदर-छाया नपा

जनसंख्या: 2,41000

वार्ड : 13पार्षद : 52 (भाजपा-46, कांग्रेस-6)

नपा अध्यक्ष : चेतना तिवारी

नपा उपाध्यक्ष : मनीष सियाल

विशेषता : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्मस्थान, कीर्ति मंदिर देखने हर साल आते हैं हजारों यात्री