
Jamnagar News - प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल संग दिखे नरेश पटेल
जामनगर. गुजरात में इन दिनों राजनीति चरम पर है। ऐसे में खोडलधाम ट्रस्ट के चेयरमैन नरेश पटेल की राजनीति में प्रवेश को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। जामनगर में बुधवार को नरेश पटेल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल के साथ दिखे।
भाग्यलक्ष्मी चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से जामनगर में प्रदर्शन मैदान पर आयोजित भागवत कथा में बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल के साथ खोडलधाम ट्रस्ट के चेयरमैन नरेश पटेल भी पहुंचे। पाटिल व पटेल काफी समय तक कथा में साथ रहे और साथ बैठे। दोनों ने साथ ही भोजन भी लिया।
हालांकि पाटिल ने इस अवसर पर कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं छेड़ा, सिर्फ कथाकार रमेश ओझा की सराहना की। दूसरी ओर नरेश पटेल ने कहा कि वे भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री धर्मेंद्रसिंह जाडेजा के आमंत्रण पर कथा सुनने पहुंचे हैं।
पटेल ने कहा, राजनीति में प्रवेश के लिए तैयार
पटेल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजनीति में प्रवेश करने के लिए वे तैयार हैं। इसे लेकर चर्चा पूरी हो चुकी है। कौन सी पार्टी में, कब व कैसे जुड़ेंगे, इस बारे में बहुत जल्द ही वे घोषणा करेंगे। उन्होंने अनिर्णायक होनेे के आरोप को नकारते हुए कहा कि निर्णय के लिए किसी के प्रमाण-पत्र की जरूरत नहीं है, वे अनिर्णायक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके अनेक निर्णय उचित समय पर होते हैं, कोई अनिर्णायक कहे तो उन्हें आपत्ति नहीं है।
पाटिल को कहा ‘साहेब’
पटेल ने पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को सी.आर. पाटिल के लिए पाटिल ‘साहेब’ शब्द का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि वे पाटिल साहेब के साथ ही आए हैं और यहां मित्रता के भाव से आए हैं।
नहीं पहनी एक ही माला
पटेल व पाटिल को एक ही मंच पर एक माला पहनाने की योजना थी इसके लिए वे दोनों एक साथ खड़े थे लेकिन पटेल ने पाटिल के साथ एक ही माला पहनना पसंद नहीं किया और वे दूर हट गए। आयोजकों ने पटेल को बुलाया लेकिन वे दूर ही खड़े रहे, तब आयोजकों ने पाटिल को माला पहनाई।
नरेश पटेल राजकोट जिले में कागवड स्थित कड़वा पाटीदार की कुलदेवी खोडलधाम से जुड़े ट्रस्ट के चेयरमैन हैं। पिछले कुछ महीनों से उनके राजनीति में प्रवेश को लेकर खूब चर्चा है।
Published on:
04 May 2022 11:41 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
