9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: मिलावटी ब्लड प्लाज्मा मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

-अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीम ने वीडियोग्राफी के बीच मेडिकल कॉलेज टीम की उपस्थिति में मिलावटी ब्लड प्लाज्मा के 1140 यूनिट किए नष्ट, कोर्ट के आदेश पर की कार्यवाही
2 min read
Google source verification
Ahmedabad rural police

मिलावटी ब्लड प्लाज्मा बैग को नष्ट करती ग्रामीण पुलिस की टीम व अन्य विभागों के अधिकारी।

Ahmedabad. मिलावटी ब्लड प्लाज्मा मामले में अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने एक और आरोपी को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी का नाम अजीत सोलंकी (33) है। यह धोलका तहसील के कादीपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल बावला में रहता है। इसके पास से एक पिकअप वाहन जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश जाट ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में पकड़े गए मुख्य आरोपी दिनेश चौधरी की पूछताछ में सामने आया था कि वह शिकायतकर्ता की कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करने वाले जितेन्द्र सोलंकी और रफीक खलीफा के संपर्क में रहता था। यह दोनों ब्लड प्लाज्मा के बैग (यूनिट) को फार्मा कंपनियों में भेजने से पहले दिनेश चौधरी को देते थे, दिनेश चौधरी असली ब्लड प्लाज्मा बैग की जगह मिलावटी ब्लड प्लाज्मा के बैग रखकर असली बैग निकाल लेता था।

जांच में सामने आया कि दिनेश महाराष्ट्र की श्री गजानंद ब्लड बैंक के संचालक मोहन गायकवाड़ के पास से मिलावटी ब्लड प्लाज्मा प्राप्त करता था। अच्छे ब्लड प्लाज्मा के साथ उसे बदलकर आरोपी प्रकाश और अशोक सांगले की ब्लड बैंक के जरिए अन्य फार्मा कंपनियों को बेचता था।

जांच में सामने आया कि दिनेश चौधरी मार्च और अप्रेल महीने में शिकायतकर्ता की फार्मा कंपनी में कार्यरत ड्राइवर अजीत सोलंकी (33) से संपर्क में रहा। अजीत ब्लड प्लाज्मा बैग को राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की फार्मा कंपनी में ब्लड प्लाज्मा बैग ले जाने से पहले दिनेश को मिला था। अजीत ने उसे दिए गए बॉक्स में से दिनेश को 12 बॉक्स प्लाज्मा दिया था। अजीत ,जितेन्द्र सोलंकी के जरिए दिनेश के संपर्क में आया था। यह तथ्य सामने आने पर एसओजी ने अजीत को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

कोर्ट के निर्देश पर मिलावटी ब्लड प्लाज्मा के बैग नष्ट

पुलिस की ओर से जब्त किए गए मिलावटी ब्लड प्लाज्मा के 1140 बैग को नष्ट करने के साणंद कोर्ट से ऑर्डर मिलने के बाद जिला पुलिस की टीम ने उसे नष्ट कर दिया। फूड एंड ड्रग्स विभाग के इंस्पेक्टर, बी.जे.मेडिकल कॉलेज पैथोलॉजी विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में जीपीसीबी अधिकृत इकाई में उसे नष्ट किया। इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है।