20 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सोमनाथ ट्रस्ट के 5 साल के लिए अध्यक्ष चुने गए पीएम नरेन्द्र मोदी

गांधीनगर स्थित राजभवन में सोमवार शाम को श्री सोमनाथ ट्रस्ट की 122वीं बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 5 साल के लिए ट्रस्ट का अध्यक्ष चुना गया। वे जनवरी 2021 में पहली बार अध्यक्ष चुने गए थे। उन्होंने ट्रस्ट का डैशबोर्ड जारी किया। ट्रस्ट की ओर से सोमनाथ मंदिर में विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

2 min read
Google source verification
सोमनाथ ट्रस्ट के 5 साल के लिए अध्यक्ष चुने गए पीएम नरेन्द्र मोदी

सोमनाथ ट्रस्ट के 5 साल के लिए अध्यक्ष चुने गए पीएम नरेन्द्र मोदी,सोमनाथ ट्रस्ट के 5 साल के लिए अध्यक्ष चुने गए पीएम नरेन्द्र मोदी,सोमनाथ ट्रस्ट के 5 साल के लिए अध्यक्ष चुने गए पीएम नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री सोमनाथ ट्रस्ट के दूसरी बार अध्यक्ष चुने गए हैं। सोमवार को गांधीनगर स्थित राजभवन में हुई सोमनाथ ट्रस्ट की 122वीं बैठक में पीएम नरेन्द्र मोदी को पांच साल के लिए अध्यक्ष चुना गया। इससे पूर्व जनवरी 2021 में पीएम मोदी ट्रस्ट के अध्यक्ष चुने गए थे। उन्हें तत्कालीन अध्यक्ष केशूभाई पटेल के निधन के बाद अध्यक्ष चुना गया था।

राजभवन में हुई बैठक में ट्रस्टी हर्षवर्धन निवेटिया, पी.के.लहेरी, जे डी परमार, ट्रस्टी सचिव योगेन्द्र देसाई मौजूद रहे। बैठक में 2022-23 के लेखों का अनुमोदन किया गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए इन्टरनल ऑडिटर, जीएसटी सलाहकार को एक साल के लिए पुन: नियुक्त करने का निर्णय किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक में उन्होंने ट्रस्ट की डैशबोर्ड सेवा भी शुरू की, जिससे न्यासी हर गतिविधि की जानकारी इससे प्राप्त कर सकेंगे। न्यासी मंडल ने ट्रस्ट की ओर से की जा रही गतिविधियों की जानकारी पीएम को दी। पीएम ने ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों ,समाज सेवा के कार्यों की समीक्षा की।

राम नाम मंत्र लेखन महायज्ञ की शुरुआत

पीएम मोदी ने बैठक के दौरान अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में श्री राम नाम मंत्र लेखन समर्पित करने के लिए श्री सोमनाथ ट्रस्ट की ओर से राम नाम मंत्र लेखन महायज्ञ की शुरूआत कराई। उन्होंने सबसे पहले राम लिखकर ट्रस्ट के इस महायज्ञ की शुरुआत कराई। ट्रस्ट ने राम नाम मंत्रलेखन की पुस्तक तैयार की है। सभी को इसमें शामिल किया जाएगा। पीएम ने सोमनाथ मंदिर के इतिहास, वीरता एवं विरासत को दर्शाने वाले मेरी मिट्टी मेरा देश अभियान के तहत एक वीडियो को भी उन्होंने लॉन्च किया।

14 माह में ऑनलाइन 124 करोड़ तक पहुंच

सोमनाथ ट्रस्ट ने सोमनाथ मंदिर की गतिविधि को लोगों तक पहुंचाने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया है। ऐसे में सोमनाथ ट्रस्ट के यूट्यूब चैनल के जरिए आरती व कार्यक्रमों को प्रसारित किया जाता है। 14 महीनों में देश-विदेश में 124 करोड़ लोगों तक इसकी पहुंच बनी। लोग ट्रस्ट की वेबसाइट पर भालका मंदिर और श्रीराम मंदिर के भी दर्शन कर सकते हैं।

मासिक पत्रिका को सुन भी सकेंगे

सोमनाथ ट्रस्ट की सोमनाथ वर्तमान मासिक पत्रिका में प्रकाशित लेख को अब सुना भी जा सकेगा। इसके लिए ट्रस्ट ने क्यूआर कोड के जरिए ऑडियो सेवा शुरू की है, जिससे बुजुर्ग व दिव्यांग लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

सालाना एक करोड़ पर पहुंची यात्रियों की संख्या

सोमनाथ ट्रस्ट में तीर्थ यात्रियों के लिए दर्शन, क्लॉक रूम, गोल्फ कार्ट, फूड कोर्ट, उचित दर पर आवास की सुविधा सुनिश्चित की गई है। इसके चलते यहां आने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या भी सालाना एक करोड़ पर पहुंच गई है। पीएम ने मंदिर में बुजुर्गों, दिव्यांगों के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं शुरू करने पर जोर दिया।