
राजकोट यार्ड में प्रीकास्ट आरसीसी बॉक्सों की स्थापना करते हुए।
राजकोट. पश्चिम रेलवे के राजकोट यार्ड स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 125 के स्थान पर नया रोड अंडरब्रिज बनाया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे राजकोट स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (सेकंड एंट्री) का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
राजकोट के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना ने बताया कि वर्तमान में राजकोट स्टेशन यार्ड में रोड अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। इससे स्टेशन को नई पहचान मिलेगी तथा इस कार्य के पूर्ण होने से स्टेशन तक पहुंच और अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत अत्याधुनिक "कट एंड कवर" तकनीक के माध्यम से प्रीकास्ट आरसीसी बॉक्सों की लॉन्चिंग एवं स्थापना की जा रही है। इसके तहत हाल ही में आरसीसी बॉक्सों की लॉन्चिंग एवं प्लेसमेंट के लिए मेगा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया गया।
ब्लॉक अवधि के दौरान रेलवे प्रशासन द्वारा कार्यस्थल पर 750 मीट्रिक टन, 600 मीट्रिक टन एवं 300 मीट्रिक टन क्षमता वाली तीन अत्याधुनिक भारी क्रेन, चार हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर, सात डंपर/टिपर तैनात किए गए।
इनके अलावा लगभग 75 कुशल एवं अकुशल श्रमिकों के साथ इंजीनियरों एवं पर्यवेक्षकों की टीम को तैनात किया गया। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से आरसीसी बॉक्सों की स्थापना का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया गया।
राजकोट मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत राजकोट स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रोजेक्ट के पूर्ण होने के बाद राजकोट शहरवासियों को रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम एवं ट्रैफिक अवरोधों से राहत मिलेगी। साथ ही सड़क यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध बनेगा। इसके अतिरिक्त स्टेशन के सेकंड एंट्री क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।
राजकोट. पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल को मंगलवार को एक ही दिन में सर्वाधिक 20 रेक में माल ढुलाई करने से 11.22 करोड़ का रुपए का राजस्व मिला। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना के अनुसार इससे पूर्व, 27 दिसंबर 2024 को राजकोट मंडल ने 14 रेक में माल लोडिंग से 10.90 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित कर उस समय का सर्वोच्च दैनिक माल लदान रिकॉर्ड बनाया था।
सर्वाधिक माल ढुलाई में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी, फर्टिलाइजर, नमक, कंटेनर तथा सीमेंट की लोडिंग की गई। इनमें 8 रेक पेट्रोलियम उत्पाद, 3 रेक एलपीजी, 3 रेक फर्टिलाइजर, 3 रेक नमक, 2 रेक कंटेनर तथा 1 रेक सीमेंट की लोडिंग की गई। यह लोडिंग राजकोट मंडल के तहत प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं साइडिंग से की गई।
एक ही दिन में 11.22 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त कर राजकोट मंडल ने परिचालन दक्षता, व्यावसायिक क्षमता तथा ग्राहक-केंद्रित कार्यप्रणाली का उदाहरण प्रस्तुत किया। वाणिज्य, परिचालन, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, विद्युत तथा अन्य विभागों के अधिकारियों एवं रेलवे कर्मचारियों द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों, रेकों की समयबद्ध उपलब्धता तथा कुशल परिचालन प्रबंधन ने इस उपलब्धि को साकार करने में अहम योगदान दिया।
राजकोट डीआरएम गिरिराज कुमार मीना ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजकोट मंडल ने माल ढुलाई से 2238.34 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया था।
Published on:
24 Jun 2026 10:30 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
