
रफाल मुद्दे पर बिना सबूत आरोप न लगाएं राहुल गांधी: राजनाथ
अहमदाबाद. केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सलाह दी है कि रफाल मुद्दे पर बिना सबूत के केन्द्र सरकार पर कोई आरोप नहीं लगाना चाहिए। राजनाथ ने कहा कि रफाल डील के मुद्दे पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के फ्रांसीसी मीडिया में दिए गए बयान की तथ्यता पर जांच के बाद सच सामने आ जाएगा।
कोऑपरेटिव सोसाइटी क्षेत्र से जुड़ी बैठक में भाग लेने अमरेली आए गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मुद्दे पर बयान जारी किया है। पहले रिपोर्ट की तत्थया की जांच हो जानें दें। इससे स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और सच सामने आ जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम घसीटने के मुद्दे पर राजनाथ ने कहा कि किसी को भी बेसिरपैर आरोप लगाने से पहले चार बार सोचना चाहिए और बिना सबूत के आरोप नहीं लगाने चाहिए।
फ्रांसीसी मीडिया रिपोर्ट में ओलांद के हवाले से कहा गया था कि रफाल विमान बनाने के 58 हजार करोड़ के समझौते के लिए भारत सरकार ने ही दासों एविएशन के पार्टनर के रूप में रिलायंस डिफेन्स का नाम सुझाया था और फ्रांस के पास इस संबंध में कोई विकल्प नहीं था।
इससे पहले बैठक को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कोऑपरेटिव सेक्टर को हाउसिंग सेक्टर में भाग लेकर प्रधानमंत्री के 2022 तक सभी को घर के सपने को पूरा करने को कहा।
गुजरात व महाराष्ट्र में सहकारी क्षेत्र काफी सक्रिय है और ऐसी गतिविधियों की अन्य राज्यों में भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि वे यह बात जानकर खुश हैं कि कोऑपरेटिव बैंक यहां पर शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दे रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि जब वे अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के दौरान पहली बार कृषि ऋण के ब्याज दर को कम कर दिया गया था। तब वे कृषि मंत्री थे।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, राज्य के कृषि मंत्री आर. सी. फळदू, नेफेड के चेयरमैन दिलीप संघाणी भी उपस्थित थे।
Published on:
22 Sep 2018, 7:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.