24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कच्छ के व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों के समाधान को जोनल एवं रेलवे बोर्ड स्तर पर करेंगे प्रयास : पाण्डेय

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने कच्छ क्षेत्र का व्यापक दौरा कर रेलवे परियोजनाओं, अधोसंरचना विकास कार्यों तथा भावी योजनाओं की समीक्षा की। मुंद्रा पोर्ट दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुजल शाह के साथ ट्रेन कनेक्टिविटी एवं ट्रेन संचालन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

2 min read
Google source verification
Efforts to be Made at Zonal and Railway Board Levels to Resolve Issues Facing Kutch's Trade and Industry Sectors: Pandey

निरीक्षण करते प​श्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय।

भुज-आदिपुर के बीच डबल रेलवे ट्रैक के लिए सर्वे कार्य आरंभ

अहमदाबाद. भुज. पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने कच्छ क्षेत्र का व्यापक दौरा कर रेलवे परियोजनाओं, अधोसंरचना विकास कार्यों तथा भावी योजनाओं की समीक्षा की।

मुंद्रा पोर्ट दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुजल शाह के साथ ट्रेन कनेक्टिविटी एवं ट्रेन संचालन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। पोर्ट के मॉडल रूम में एपीएसईजेड के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) मनोज कतर द्वारा मुंद्रा पोर्ट के विकास एवं पिछले 13 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान रो-रो टर्मिनल का अवलोकन भी बोट के माध्यम से किया गया। महाप्रबंधक ने एपीएसईजेड के अधिकारियों के साथ बैठक कर रेलवे एवं पोर्ट के बीच समन्वय तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
भुज में पाण्डेय ने कहा कि भुज-आदिपुर के बीच डबल रेलवे ट्रैक के लिए सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे भविष्य में परिवहन अधिक तेज एवं सुगम होगा। भुज रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास एयरपोर्ट सरीखी आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जा रहा है। स्टेशन निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा कार्य पूर्ण होने के बाद इसका लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा भचाऊ एवं गांधीधाम रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि भुज स्टेशन के नवनिर्माण के बाद रेलवे सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा तथा कच्छ में जहां व्यापार एवं यातायात की आवश्यकता होगी, वहां नई रेलवे परियोजनाएं प्रारंभ की जाएंगी।

गांधीधाम में गांधीधाम चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पाण्डेय ने कहा कि यात्रियों एवं माल परिवहन के लिए कई विकल्प उपलब्ध होने के बावजूद रेलवे के माध्यम से परिवहन बढ़ना देशहित में है। कच्छ के व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए रेलवे द्वारा जोनल एवं रेलवे बोर्ड स्तर पर सक्रिय प्रयास किए जाएंगे।
अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि रेलवे का प्रयास है कि उद्योग जगत एवं यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्य किए जाएं। उद्योग जगत की समस्याओं को रेलवे गंभीरता से समझती है तथा नीति से जुड़े विषयों के समाधान हेतु आवश्यक परिवर्तन करने का प्रयास भी किया जाएगा।

मांडवी को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग

बैठक के दौरान चैंबर ऑफ कच्छ के प्रतिनिधियों ने मांडवी को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने, पूर्व स्वीकृत रेलवे कोच फैक्ट्री को प्रारंभ करने, नमो भारत ट्रेन को डबल रैक के साथ चलाने तथा भुज-हरिद्वार, भुज-वाराणसी, भुज-भागलपुर एवं भुज-अमृतसर आदि लंबित ट्रेन की मांगों को प्राथमिकता देने सहित विभिन्न विषय उठाए। पाण्डेय ने भुज-नलिया-वायोर रेलखंड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने भुज-नलिया सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। साथ ही नलिया स्टेशन एवं नलिया-वायोर नई रेलवे लाइन परियोजना के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।