
देशभर के चिड़ियाघरों में दहाड़ेंगे गिर के एशियाई शेर
राजकोट/जूनागढ़/अहमदाबाद. गुजरात के गिर अभ्यारण में पाए जाने वाले एशियाई शेर अब देशभर के चिडिय़ाघरों में दहाड़ेंगे। दिल्ली, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक सहित करीब 13 राज्यों के चिडिय़ाघरों में लोगों को नए मेहमान के रूप में गिर के शेरों की दहाड़ सुनने को मिलेगी। एशियाई शेर देखने को मिलेंगे।
सेंट्रल जू अथोरिटी के जरिए चिडिय़ाघरों के बीच होने वाले प्राणियों के आदान-प्रदान के तहत जूनागढ़ के सक्करबाग चिडिय़ाघर से 40 एशियाई शेरों को देश के अन्य चिडिय़ाघरों में भेजा जाएगा। सक्करबाग जू में अभी 71 शेर हैं। इसमें 24 नर, 35 मादा और 12 सावक हैं। इसमें से 40 शेरों को भेजा जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि गुजरात सरकार से इस योजना को मंजूरी मिल गई है। जिसके बाद अब जिन राज्यों के चिडिय़ाघरों से एशियाई शेर पाने के लिए आवेदन जूनागढ़ के सक्करबाग जू को मिले हैं उनके साथ बातचीत करके उन्हें शेर भेजने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इस बारे में सेंट्रल जू अथोरिटी के संबंधित अधिकारियों से भी बीतचीत जारी है।
सक्करबाग चिडिय़ाघर एवं वन विभाग सूत्रों के अनुसार सबसे पहले दिल्ली के चिडिय़ाघर को एक शेर और दो शेरनी भेजे जा सकते हैं। उसके बदले में जूनागढ़ के सक्करबाग चिडिय़ाघर को दो हिप्पोपेटेमस और पांच हिरण मिलेंगे। ये हिप्पोपेटेमस और हिरण सक्करबाग जू की कुछ दिन तक ही शोभा बढ़ाएंगे। उसके बाद इन्हें नर्मदा जिले में केवडिया कोलोनी इलाके में सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के पास बनाए गए केवडिया सफारी पार्क में भेजा जाएगा। जहां ये लोगों के आकर्षण केन्द्र बनेंगे।
इन 13 राज्यों के जू से आई है शेरों की मांग
एशियाई शेर देश में एकमात्र गुजरात के गिर अभयारण्य में ही पाए जाते हैं। यहां जूनागढ़ के सक्करबाग चिडिय़ाघर में एशियाई शेरों का ब्रीडिंग सेंटर भी है। जहां बीते कुछ सालों से अच्छी संख्या में शेरों का कुनबा बढ़ा है। ऐसे में यहां से एशियाई शेर पाने के लिए राजस्थान, चेन्नई (तमिलनाडु), हैदराबाद (आंध्रप्रदेश), असम, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम, तेलंगाना, केरल झारखंड, ओडिशा, बिहार, कर्नाटक के चिडिय़ाघरों से आवेदन मिल चुके हैं। जहां सक्करबाग से शेरों को भेजा जाएगा।
प्राणी एक्सचेंज के भेजे जाएंगे 40 शेर
जूनागढ़ सक्करबाग जू के नीरव मकवाणा ने बताया कि सेंट्रल जू अथोरिटी के तहत देशभर के प्राणी संग्रहालयों (चिडिय़ाघरों) से होने वाले प्राणियों के आदान-प्रदान (एक्सचेंज) के तहत 40 शेर देशभर के जू में भेजने की योजना है। इसकी मंजूरी के लिए आवेदन किया है। जैसे-जैसे मंजूरी मिलेगी वैसे-वैसे हम शेरों को भेजेंगे। उसके बदलें में हम अन्य प्राणी लेंगे। जो सक्करबाग जू के साथ केवडिया के सफारी पार्क में भी भेजे जाएंगे। ताकि यहां के साथ केवडिया में पहुंचने वाले पर्यटकों को अलग अलग प्राणी देखने का मौका मिले। दिल्ली से हिप्पोपोटेमस और हिरण मिलेंगे। जबकि राजस्थान के चिडिय़ाघर से घडिय़ाल मिलने की संभावना है।
Published on:
03 Aug 2021 04:23 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
