
शंकर सिंह वाघेला एनसीपी के गुजरात अध्यक्ष नियुक्त
अहमदाबाद. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केन्द्रीय मंत्री शंकर सिंह वाघेला को गुजरात एनसीपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वाघेला इस वर्ष जनवरी महीने में पार्टी में शामिल हुए थे, तब उन्हें पार्टी का महासचिव बनाया गया था।
करीब दो वर्ष पहले कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके 78 वर्षीय वाघेला अब तक एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे जयंत बोस्की की जगह लेंगे। बोस्की को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। वाघेला के कार्यालय ने एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार की ओर से नियुक्ति पत्र प्राप्त किया।
जनसंघ से अपना राजनीतिक करियर आरंभ करने वाले वाघेला काफी वर्षों तक भाजपा में रहे। वे वर्ष 1977 में पहली बार लोकसभा पहुंचे। इसके बाद वे राज्यसभा के लिए चुने गए। उन्होंने गांधीनगर से वर्ष 1989 में फिर लोकसभा का चुनाव जीता। इसके बाद वे फिर 1991 में गोधरा से लोकसभा पहुंचे। वर्ष 1996-97 में उन्होंने भाजपा में विद्रोह कर राष्ट्रीय जनता पार्टी (राजपा) का गठन किया। इसी दौरान वे कांग्रेस की मदद से गुजरात के मुख्यमंत्री भी बने। बाद में राजपा का कांग्रेस में विलय कर दिया गया। कांग्रेस के टिकट पर वे वर्ष 1999 और 2004 में लगातार दो बार लोकसभा चुनाव जीते। वर्ष 2004 में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली पहली यूपीए सरकार में वे केन्द्रीय कपड़़ा मंत्री बनाए गए। हालांकि वे वर्ष 2009 में लोकसभा का चुनाव हार गए। वाघेला वर्ष 2012 में गुजरात विधानसभा के लिए चुने गए। उन्हें राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष का नेता नियुक्त किया गया। वर्ष 2017 में राज्यसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। साथ ही उन्होंने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी, लेकिन राज्य विधानसभा से ठीक पहले उन्होंने जन विकल्प मोर्चा का गठन किया। इस मोर्चा ने चुनाव भी लड़ा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। इस वर्ष की शुरुआत में वे एनसीपी से जुड़े।
Published on:
28 Jun 2019 11:37 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
