24 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुरेन्द्रनगर में तापमान फिर ४४

अहमदाबाद-गांधीनगर में भी दो डिग्री की बढ़ोतरीमछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी

2 min read
Google source verification
Temperature of 44 in Surendranagar

File photo

अहमदाबाद/जामनगर. राज्य के उत्तर गुजरात रीजन में सोमवार को बदले मौसम के मिजाज के बाद मंगलवार को सौराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं से अंधड़ जैसी स्थिति रही। अरब सागर के ऊपर व उससे सटे कुछ इलाकों में दूसरे दिन भी लो प्रेशर के बीच साइक्लोनिक सर्कूलेशन का असर रहने से मछुआरों को बुधवार तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। सोमवार की तुलना में मंगलवार को तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है। राज्य का सबसे गर्म शहर सुरेन्द्रनगर रहा।
सौराष्ट्र के जामनगर व उसके आसपास धूलभरी आंधी रही, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि सौराष्ट्र के कुछ भागों में मंगलवार को भीषण गर्मी से राहत मिली। जामनगर में तापमान ३७ डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। सुरेन्द्रनगर में एक बार फिर तापमान ४४ डिग्री पर पहुंच गया जो राज्य में सबसे अधिक है। इधर, अहमदाबाद शहर में सोमवार के मुकाबले तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ते तापमान के बीच गर्म हवाओं ने शहरवासियों को खूब परेशान किया। ग्रीनसिटी गांधीनगर में भी तापमान ४३ डिग्री पर पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम समुद्र (अरबसागर) के ऊपर कम दबाव के साइक्लोनिक सर्कूलेशन का असर दूसरे दिन भी रहा। जिसके चलते समुद्र में हलचल बढऩे की आशंका से ऊंची लहरें आ सकती हैं। मछुआरों को आगाह किया है कि वे बुधवार तक समुद्र के बीच न जाएं। आगामी दो दिनों तक राज्य के उत्तर गुजरात रीजन एवं सौराष्ट्र, कच्छ व दक्षिण गुजरात रीजन के कुछ भागों में तापमान ४१ से ४३ डिग्री के बीच रह सकता है।
प्रमुख शहरों का तापमान
सुरेन्द्रनगर ४४.०
गांधीनगर ४३.०
राजकोट ४३.०
अहमदाबाद ४२.९
वडोदरा ४२.०
सूरत ३५.६
शहर में २३ तो राज्य में ९७ हुए बेहोश
अहमदाबाद. राज्य में बढ़ती गर्मी के साथ मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। मंगलवार को शाम पांच बजे तक अहमदाबाद शहर में २३ तो राज्य में ९७ लोग बेहोश हो गए। इन्हें इमरजेंसी में स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया।
जीवीके ईएमआरआई १०८ एम्बुलेंस के आंकड़ों के अनुसार अहमदाबाद शहर में मंगलवार शाम पांच बजे तक ११० जनों को इमरजेंसी होने पर अस्पतालों में ले जाया गया। इनमें से २३ बेहोश हुए थे। इसके अलावा दस को उल्टी, पांच को डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और गिरने के २४, सीने में दर्द के नौ तो पेटदर्द के ३३ मरीजों को अस्पतालों में पहुंचाया गया। उधर, राज्य में इस तरह के कुल मरीजों की संख्या पांच सौ के करीब पहुंच गई। इनमें से ९७ बेहोश हुए थे। जबकि १४७ को पेटदर्द सीने में दर्द की शिकायत के ४० व डिहाईड्रेशन के २९ मरीज सामने आए।