
इसनपुर में शिव मंदिर के सामने गोवंश के अंग मिलने से लोगों में रोष
Ahmedabad. शहर के इसनपुर थाना इलाके में गोविंदवाड़ी चार रास्ते के पास एक शिव मंदिर के सामने शुक्रवार सुबह गोवंश के अंग के टुकड़े मिलने से लोगों में रोष है। श्रावण महीने में इस प्रकार की घटना सामने आने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उसे देखते हुए हिंदूवादी संगठनों की ओर से इसनपुर बंद का ऐलान किया गया है।
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची इसनपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। मामले की गंभीरता को देख क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुट गईं। घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति दुपहिया वाहन पर गोवंश के अंग ले जाते और शिव मंदिर के सामने उसे गिराते हुए कैद हुआ। इसके आधार पर क्राइम ब्रांच की एक टीम ने इस मामले से जुड़े वटवा निवासी आरोपी मो.फैजान मो.अयूब शेख (26) को रखियाल इलाके से पकड़ लिया। उसके पास से उपयोग में लिए गए दुपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया।
गोविंदवाड़ी चार रास्ते के पास भगवाननगर सोसायटी के बाहर पास में ही एक शिव मंदिर है। उस शिव मंदिर के सामने ही शुक्रवार सुबह अखबार और प्लास्टिक के थैले में लिपटा गोवंश का अंग पड़ा मिला। जिससे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों में रोष व्याप्त हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इलाके में ट्रैफिक जाम हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को सुचारू किया और जांच शुरू की।
सूचना मिलने पर विहिप के नेता दक्षेश मेहता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कोई व्यक्ति गोवंश को इस प्रकार से शिव मंदिर के सामने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से फेंक गया हो ऐसी आशंका है। जिससे इस मामले की जांच होनी चाहिए। जवाबदेह व्यक्ति के विरुद्ध 24 घंटे में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
असामाजिक तत्वों को पुलिस का कोई डर नहीं
मालधारी महापंचायत के प्रवक्ता नागजी देसाई ने कहा कि इसनपुर इलाके में श्रावण महीने के दिनों में शिव मंदिर के सामने गोवंश के अंग के टुकड़े फेंककर जाने की घटना दर्शाती है कि असामाजिक तत्वों को पुलिस का कोई डर नहीं रहा है। गुजरात में गोवंश हत्या व हेराफेरी रोकने से जुड़ा कानून सिर्फ कागजों पर ही है। कई बार इस बात को कहा गया कि गोवंश तस्कर रात्रि तीन बजे से सुबह के दौरान गायों की चोरी करते हैं और फिर उनका कत्ल कर उसे बेचते हैं। उसके बावजूद भी उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। हमारी मांग है कि इसनपुर में लोगों की भावनाओं को आहत करने वाले आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
Published on:
05 Aug 2022 10:04 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
