
सयाजी अस्पताल का बाल विभाग गुजरात में श्रेष्ठ
वडोदरा. मध्य गुजरात के सबसे बड़े सयाजी अस्पताल व बड़ौदा मेडिकल कॉलेज के बाल विभाग को गुजरात के सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में श्रेष्ठ अवार्ड प्रदान किया गया है।
बाल रोग चिकित्सकों की राज्य स्तरीय संस्था एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की ओर से बाल चिकित्सकों की राज्य परिषद गुजपेडिकॉन-2021 हाल ही सूरत में आयोजित हुई। उसमें यह अवार्ड प्रदान किया गया। वडोदरा के सयाजी अस्पताल व बड़ौदा मेडिकल कॉलेज के बाल विभाग की अध्यक्ष व प्रोफेसर डॉ. शीला अय्यर ने यह अवार्ड स्वीकार किया।
इसके साथ ही बेहतर समन्वित उपचार सेवा के लिए इस विभाग को बेस्ट टीम का अवार्ड भी प्रदान किया गया। सयाजी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजनकृष्ण अय्यर के अनुसार विभाग की अध्यक्ष डॉ. शीला ने 70 स्लाइड के माध्यम से बाल विभाग की व्यापक व बाल स्वास्थ्य रक्षक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रदर्शित की।
नवजात शिशुओं से लेकर किशोरों तक के स्वास्थ्य का रखते हैं ध्यान
डॉ. शीला के अनुसार अस्पताल के बाल विभाग में नवजात शिशुओं से लेकर किशोरों तक बच्चों के समग्र स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाता है। इसके साथ ही बाल रोग चिकित्सा की शिक्षा देने का काम किया जाता है। कोरोना लहर के दौरान संभावित बाल रोगियों को सुरक्षित उपचार प्रदान करने में कामयाब रहे और अब ओमिक्रॉन के जोखिम की परवाह किए बिना ही आवश्यक व्यवस्था की है। विभाग की ओपीडी से प्रतिदिन 80 से 100 बाल रोगी लाभान्वित होते हैं।
विभाग की ओर से संचालित हेमटोलॉजी क्लिनिक में सिकलसेल और थैलेसीमिया पीडि़त बच्चों की गहन देखभाल की जाती है। बाल रोग विभाग के पीआईसीयू में हेमोडायलिसिस की सुविधा वाला वडोदरा का सयाजी अस्पताल राज्य का एकमात्र सरकारी अस्पताल है। यहां के एनआईसीयू (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) को स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा मिला है।
Published on:
20 Dec 2021 10:35 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
