15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मियागाम करजन-डभोई-प्रतापनगर डेमू सेवा का ट्रायल रन, यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी

सांसद वसावा, विधायक पटेल, मेहता व अन्य जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा रेल मंडल की ओर से रविवार को मियागाम करजन-डभोई-प्रताप नगर डेमू सेवा का ट्रायल रन किया गया। डेमू ट्रेन के ट्रायल रन को मियागाम करजन रेलवे स्टेशन से सांसद मनसुख वसावा, विधायक अक्षय पटेल तथा वापसी में डभोई […]

2 min read
Google source verification

सांसद वसावा, विधायक पटेल, मेहता व अन्य जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी

वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा रेल मंडल की ओर से रविवार को मियागाम करजन-डभोई-प्रताप नगर डेमू सेवा का ट्रायल रन किया गया। डेमू ट्रेन के ट्रायल रन को मियागाम करजन रेलवे स्टेशन से सांसद मनसुख वसावा, विधायक अक्षय पटेल तथा वापसी में डभोई स्टेशन से विधायक शैलेश मेहता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर रेलवे की सराहना की।
मियागाम करजन स्टेशन पर समारोह में सांसद वसावा ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे के सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे कार्य की सराहना करते हुए सभी से स्वच्छता को अपनाने की अपील की। विधायक पटेल ने रेलवे की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। विधायक मेहता ने मुंबई जाने वाली ट्रेनों के डभोई में ठहराव और बुकिंग की मांग की। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन की शुरुआत से डभोई, करजन और वडोदरा के श्रमिकों तथा यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

एकता नगर और मुंबई के बीच चलने वाली ट्रेनों को डभोई स्टेशन पर ठहराव

वडोदरा के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देशानुसार एवं पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में डभोई स्टेशन पर दो नए प्लेटफार्म का निर्माण किया जा रहा है इस पर एकता नगर और मुंबई के बीच चलने वाली ट्रेनों को ठहराव दिया जाएगा।

नैरो गेज रेल लाइन को बदला ब्रॉड गेज में

भडके ने डभोई-मियागाम करजन रेल लाइन के बारे में बताया कि भारतीय रेलवे के इतिहास में इस क्षेत्र का एक खास स्थान है। 32.306 किलोमीटर लंबी मियागाम करजन-डभाई लाइन वडोदरा रेल मंडल का सबसे पुराना नैरो गेज सेक्शन है। 1862 में गायकवाड़ बडौदा स्टेट रेलवे के तहत काम करना शुरू किया था, बाद में यह पश्चिम रेलवे का हिस्सा बन गया। इस सेक्शन को गेज बदलने के लिए बंद कर दिया गया और ब्रॉड गेज में बदलने के बाद यात्री सेवा का ट्रायल किया जा रहा है।

तेज भरोसेमंद और किफायती परिवहन मिलने से होगा फायदा

भडके ने बताया कि इस क्षेत्र में ब्रॉड गेज ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद रोजाना आने जाने वाले यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और आसपास के इलाकों के निवासियों को तेज भरोसेमंद और किफायती परिवहन मिलने से बहुत फायदा होगा। नियमित सेवा में यह ट्रेन मियागाम करजन और प्रतापनगर के बीच वाया डभोई संचालित होगी।