
अहमदाबाद शहर के मकरबा स्थित सॉलिटायर बिजनेस पार्क में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते चौथी, पांचवीं व छठी मंजिल तक फैल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में लगभग 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से 50 लोगों को सीधे रेस्क्यू किया गया। एक व्यक्ति को समय रहते सीपीआर देकर बचाया गया जो दम घुटने के चलते बेहोश हो गया था। इसके अलावा आग की अन्य एक घटना जीवराज पार्क की भी है, जहां बंद एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। हालांकि इसमें भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मकरब में लगी आग के संबंध में फायर कंट्रोल रूम को दोपहर दो करीब तीन बजे के आसपास सूचना मिली थी। घटना के बाद प्रह्लादनगर फायर स्टेशन से पहला वाहन दो मिनट बाद रवाना हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां और हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म मौके पर भेजा गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमों ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। चार मिनट में टीम मौके पर पहुंच गई। कुल 24 वाहनों और 100 से अधिक स्टाफ ने मिलकर आग पर काबू पाया।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बिल्डिंग के कांच के पैनल भी टूटकर गिरने लगे। घटना देखने के लिए आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि बिल्डिंग का फायर सिस्टम सक्रिय था, जिससे शुरुआती स्तर पर आग बुझाने में मदद मिली। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने से बिल्डिंग के कई हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा है।मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के प्रयास में जुटी रही।
जीवराज पार्क के पास फ्लैट में लगी आग, कोई हताहत नहीं
अहमदाबाद शहर के जीवराज पार्क चौराहा के पास स्थित सहजानंद टॉवर में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। आग एक बंद फ्लैट में लगी और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। घटना से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि फ्लैट खाली था और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है।
बंद फ्लैट में अचानक धुआं और लपटें उठीं और कुछ ही समय में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।आग से फ्लैट में रखे घरेलू सामान और कीमती वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं। स्थानीय निवासियों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। मौके पर फायर टेंकर पहुंचे और पानी का छिड़काव किया। फायर विभाग ने बताया कि आग लगने के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। इस कारण जनहानि नहीं हुई।आग के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है।