
अहमदाबाद में इन दो सर्कल पर बनेंगे फ्लाईओवर ब्रिज, सरकार ने मंजूर किए 185 करोड़
अहमदाबाद शहर में बढ़ रही वाहनों की संख्या एवं ट्रैफिक की समस्या को हल करने के लिए दो और नए फ्लाईओवर ब्रिज बनाएं जाएंगे। इसमें से एक ब्रिज शहर के आंबावाड़ी इलाके में पांजरापोल चार रास्ते पर बनेगा, जबकि दूसरा ब्रिज पंचवटी सर्कल पर बनेगा। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने इन दोनों ही फ्लाईओवरब्रिज के निर्माण के लिए 185 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है।
राज्य सरकार के तहत अहमदाबाद में पांजरापोल सर्कल पर 652 मीटर लंबा और 17 मीटर चौड़ा फ्लाई ओवर ब्रिज बनेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने 86.94 करोड़ रुपए आवंटित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
पंचवटी जंक्शन पर बनने वाले फ्लाई ओवर ब्रिज के लिए 98.18 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। यह ब्रिज 779.19 मीटर लंबा और 17 मीटर चौड़ा होगा। यह एल आकार में बनेगा, जो सीएन विद्यालय आंबावाडी से गीता रांभिया सर्कल से फिर रेडीशन ब्लू होटल लॉ गार्डन तक बनेगा।
स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के पूरे राज्य में 75 फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। अहमदाबाद शहर में इस योजना के तहत 20 फ्लाई ओवर ब्रिज बनाने का निर्णय किया गया है। अहमदाबाद में 20 से 7 फ्लाई ओवर ब्रिज के लिए राज्य सरकार ने सैद्धांतिक तौर पर 612.86 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।
अब अहमदाबाद में दो नए फ्लाई ओवर ब्रिज बनाने के लिए अहमदाबाद महानगर पालिका की ओर से प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए शहरी विकास विभाग को भेजा था। विभाग ने मंजूरी के लिए इसे मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के समक्ष रखा, जिस पर वर्ष 2023-24 में किए गए प्रावधानों में से रु. 185.12 करोड़ की राशि इन दोनों ही ब्रिजों को आवंटित करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
यहां होता है काफी ज्यादा ट्रैफिक
यह दोनों ही शहर के प्रमुख मार्ग हैं। यहां पर सुबह-शाम काफी ट्रैफिक होता है। इन दोनों सर्कल पर नए फ्लाईओवर ब्रिज बनने की स्थिति में ट्रैफिक की समस्या को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलेगी।
स्वर्ण जयंती सीएम शहरी विकास योजना 2026-27 तक
सरकार ने इस वर्ष 204-25 के बजट में राज्य की महानगर पालिकाओं, नगरपालिकाओं एवं शहरी विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में मूलभूत ढांचागत सुविधाएं सुनिश्चित करने वाले कार्यों के लिए 8634 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। इसके साथ ही शहरों के संपूर्ण विकास के लिए स्वर्ण जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना को आगामी तीन वर्षों यानी वर्ष 2026-27 तक जारी रखने का निर्णय लिया है।
Published on:
16 Feb 2024 10:29 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
