-वडोदरा में भारी बारिश के बीच निचले इलाकों में घुसा पानी
वडोदरा. वडोदरा में पिछले कुछ ही घंटों में 20 इंच से ज्यादा बारिश के बीच शहर के कई निचले इलाकों में विश्वामित्री नदी का पानी घुस जाने से कई जगहों पर लोग फंसे हुए पाए गए। शहर के मांजलपुर में विश्वामित्री ब्रिज के पास देवपुरा इलाके में पानी के बीच फंसे हुए करीब 73 लोगों को रावपुरा पुलिस की टीम ने बचाया। इनमें से एक पुलिस जवान ने डेढ़ महीने के नवजात बच्चे को टब में लेकर सुरक्षित पहुंचाया।
एक तरफ जहां गुजरात में टिक-टॉक वीडियो बनाने को लेकर गुजरात पुलिस की जहां आलोचना हो रही है वहीं रावपुरा पुलिस के इस जवान के इस साहस के बाद सोशल मीडिया में इस कार्य को खूब तारीफ मिल रही है। पुलिस जवान का नाम वडोदरा शहर पुलिस के उपनिरीक्षक गोविंद चावड़ा बताया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी-आम्र्ड यूनिट) शमशेर सिंह ने ट्वीटर पर वडोदरा के इस जवान के मानवीय कार्य के साथ-साथ जवान के साहस व समर्पण की तारीफ की।