
अहमदाबाद-मुंबई एक्सप्रेस- वे पर वडोदरा के आजवा चार रास्ता के समीप शनिवार सुबह एक घंटे में दो हादसे हुए। एक हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई और दो मासूम बालक घायल हो गए। वहीं, मिनी ट्रक-बस की टक्कर के बाद डिवाइडर पार कर बस एक स्टूडियो की दीवार से टकराने पर 7 लोग घायल हो गए।
वडोदरा के आजवा चार रास्ता के समीप सूरत-अहमदाबाद मार्ग पर शनिवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। हादसे में दो मासूम बालक घायल हो गए। हादसे के बाद एक चित्र में मृत मां के पास दोनों बालक बैठे दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर लोगों की आंखों से आंसू बह निकले। एक अन्य चित्र में 108 एंबुलेंस में दोनों बच्चों को उपचार लेते देखा गया।
ट्रैफिक पुलिस के एसीपी जे आई वसावा ने बताया कि शनिवार सुबह बाइक से दंपती व दो बालक सूरत की ओर से अहमदाबाद की ओर जा रहे थे। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। दाहोद से परिजनों को बुलाया गया। दोनों बालक घायल हो गए, उन्हें वडोदरा के एसएसजी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और मौके पर पहुंचा। इस बीच, इस हादसे के करीब एक घंटे बाद अहमदाबाद की ओर से सूरत की ओर जा रही निजी बस पीछे से मिनी ट्रक से टकरा गई। उसके बाद अनियंत्रित होकर निजी बस डिवाइडर की लोहे की रैलिंग तोड़कर डिवाइडर पार कर एक स्टूडियो की दीवार से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक और बस में सवार यात्रियों सहित 7 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के स्टाफ ने घायलों का उपचार किया।
पाणीगेट फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर अमित चौधरी ने बताया कि दूसरे हादसे में मिनी ट्रक पलट गई। पुलिस की मदद से उसे सीधा किया गया। इस हादसे में जनहानि नहीं हुई। यात्रियों का सामान पुलिस ने संभाला। मालिकों की पहचान कर पुलिस लौटाएगी। इस हादसे में निजी बस में सवार 30-35 यात्रियों को बचाया गया। मिनी ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
Published on:
01 Jun 2024 10:53 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
