16 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद

गुजरात में विहिप का हितचिंतक अभियान आज से

15 दिन में 10 हजार गांवों के 50 लाख हिंदुओं को जोडऩे का लक्ष्य

Google source verification

अहमदाबाद. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से गुजरात में 6 नवंबर से आरंभ किए जा रहे 15 दिवसीय हितचिंतक अभियान के तहत 10 हजार गांवों के 50 लाख हिंदुओं को जोडक़र सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विहिप की केंद्रीय प्रचार समिति के सदस्य कौशिक महेता ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2024 में विहिप की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होंगे, 6 नवंबर से 20 नवंबर तक षष्ठी पूर्ति के अवसर पर देशभर में हिंदुओं तक पहुंचने के लिए राष्ट्रव्यापी हितचिंतक अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत गुजरात में विहिप के 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता उत्तर गुजरात प्रांत के 3 हजार, सौराष्ट्र प्रांत के 4 हजार व मध्य गुजरात के 3 हजार गांवों तक पहुंचकर 20-20 रुपए सदस्यता शुल्क लेकर व रसीद देकर 50 लाख हिंदुओं को सदस्यता के जरिए हितचिंतक बनाएंगे। अभियान के तहत समाज के प्रत्येक वर्ग, जाति, पंथ, संप्रदाय के लोगों से संपर्क कर उन्हें विहिप के विविध सेवा कार्यों की जानकारी देकर विहिप से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान सेलिब्रिटी, चिकित्सक, अभियंता, चार्टर्ड एकाउंटेंट, वकील, पूर्व न्यायाधीश, गायक, अभिनेता, खिलाड़ी आदि समाज के विशेष वर्ग के लोगों और 18 से 35 वर्ष के युवाओं को भी विहिप से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि हर तीन वर्ष में आयोजित किए जाने वाले अभियान के तहत 2019 में गुजरात के 7 हजार गांवों में 39 लाख लोगों को विहिप से जोड़ा गया था, अब तक जोड़े गए लोगों को दुबारा नहीं जोड़ा जाएगा। गुजरात क्षेत्र के सह मंत्री अश्विन पटेल, उत्तर गुजरात प्रांत के मंत्री ललित पटेल, प्रचार प्रभारी हितेंद्रसिंह राजपूत भी मौजूद थे।