
Gujarat: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका
Ahmedabad. गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कांग्रेस के जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट से विधायक हर्षद रिबडिया ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मंगलवार शाम गुजरात विधानसभा की अध्यक्ष डॉ. नीमाबेन आचार्य को उनके गांधीनगर स्थित निवास स्थान पर पहुंचकर इस्तीफा सौंपा। रिबडिया की ओर से विधायक पद से दिया गया इस्तीफ विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया है। रिबडिया ने कांग्रेस पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया है। अब उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
वे दूसरी बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। पहली बार वर्ष 2014 में उन्होंने इस सीट से विधानसभा उपचुनाव जीता था। इसके बाद पिछली बार के विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल की थी।
बीते कुछ समय से रिबडिया भाजपा नेताओं के साथ देखे जा रहे थे। तभी से यह कयास लगाया जा रहा था कि रिबडिया भी चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि वे अब तक खुले तौर पर इसे नकारते रहे हैं। कई और कांग्रेसी विधायकों के भी जल्द इस्तीफा देने की अटकलें चल रही हैं। ऐसे विधायक भी कई बार सार्वजनिक मंचों पर भाजपा नेताओं और मंत्रियों के साथ देखे जा रहे हैं। इन विधायकों में जामजोधपुर के चिराग कालरिया, जंबूसर के संजय सोलंकी, पालनपुर के महेश पटेल, धोराजी से ललित वसोया और झालोद सीट से भावेश कटारा के नाम शामिल हैं। हर्षद रिबडिया का नाम भी लंबे समय से चर्चा में था। आखिरकार उन्होंने मंगलवार को इस्तीफा दे ही दिया।
Published on:
04 Oct 2022 09:32 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
