
केकड़ी में पुलिस को जानकारी देता ठगी का शिकार वृद्ध।
केकड़ी (अजमेर). केकड़ी के कोटा रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम बूथ पर ठग ने गुरुवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी का एटीएम कार्ड बदल 20 हजार रुपए ठगी कर ली। पीडि़त ने पुलिस में रिपोर्ट दी है। भैरूगेट निवासी कैलाश नारायण रेगर पुत्र गोपीलाल रेगर एसबीआई के एटीएम बूथ पर रुपए निकलवाने गया। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वहां रुपए नहीं निकले। इस दौरान उसके पीछे खड़े एक युवक ने उसे बातों में उलझाकर कार्ड बदल दिया। थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल पर 4 हजार, 4 हजार, 2 हजार व 10 हजार रुपए की निकासी का मैसेज आया। उसने अपना कार्ड संभाला तो वह किसी महावीर प्रसाद कुम्हार के नाम का था। ठगी का अहसास होते ही कैलाश नारायण के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने बैंक जाकर पास बुक में एंट्री करवाई तो पता चला कि शातिर ठग ने कुल 4 बार में 20 हजार रुपए एटीएम बूथ से निकलवाए है। उसने इसकी जानकारी केकड़ी थाना पुलिस को दी। पीडि़त के अनुसार घटना के समय एटीएम बूथ में 3-4 जने अंदर थे। जिस समय युवक ने एटीएम बूथ में कार्ड बदला उस समय उसके २ साथी एटीएम बूथ के बाहर खड़े रह कर आसपास निगरानी रख रहे थे। पीडि़त ने ठगी के संबंध में केकड़ी थाना पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी है।
थानाधिकारी ने बताया कि एटीएम बूथ में 20 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में पीडि़त ने शिकायत दी है। बैंक से सीसीटीवी फुटेज निकलवा कर जांच-पड़ताल की जाएगी।
अधिकांश एटीएम बूथ पर नहीं गार्ड
कस्बे के अधिकांश एटीएम बूथ पर गार्ड नहीं है। गार्ड नहीं होने से संदिग्ध युवक बूथ में रह कर शिकार की तलाश में रहते है। गुरुवार को मौका मिलते ही संदिग्ध युवकों ने कैलाश नारायण को निशाना बना लिया। गौरतलब है कि गत 14 सितम्बर की रात्रि को बदमाश इसी बूथ में लगा 24 लाख रुपए से भरा एटीएम उखाड़ कर ले गए थे।
Published on:
2 Jan 2020, 9:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.