23 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लवकुश वाटिका के लिए एक करोड़ का बजट जारी, जल्द बनेंगे वॉच टावर और व्यू पाॅइंट

गार्ड चौकी, रन-वे ट्रेक समेत होगा सघन पौधरोपण, राज्य सरकार ने दूसरे चरण में वन विभाग को आवंटित किया बजट

3 min read
Google source verification
Lavkush Vatika

किशनगढ़ में लवकुश वाटिका का मुख्यद्वार।

Kishangarh news प्राकृतिक सौंदर्य निखारने और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही आमजन के भ्रमण के लिए किशनगढ़ में प्रस्तावित लवकुश वाटिका में जल्द ही वॉच टावर, व्यू पॉइंट समेत गार्ड चौकी, रनवे ट्रेक समेत सघन पौधरोपण होगा। वन विभाग ने उक्त सभी निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। संभवत: मंगलवार या बुधवार को निर्माण कार्य के टेंडर खुलेंगे। इसके बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार ने इससे पहले प्रथम चरण में इस वाटिका के लिए 55 लाख और अब दूसरी बार एक करोड़ रुपए से अधिक का बजट स्वीकृत कर राशि भी दे दी है।

प्रथम चरण में 55 लाख का बजट स्वीकृत

राज्य सरकार ने अपने बजट घोषणा 2022-23 में प्रदेशभर में लव कुश वाटिकाओं की घोषणा की। इनमें से किशनगढ़ के लिए भी घोषणा की गई। इसके बाद वन विभाग ने जयपुर रोड सामरिया हरड़ा वन क्षेत्र की पहाड़ी को इस वाटिका के लिए चिह्नित किया गया है। वाटिका निर्माण के लिए राज्य सरकार ने वन विभाग को प्रथम चरण में 40 लाख रुपए एवं 15 लाख रुपए आवंटित कर कुल राशि 55 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया।

मुख्यद्वार, रास्ता, चारदीवारी समेत अन्य कार्य करवाए

इस राशि से टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से वन विभाग ने वाटिका के मुख्यद्वार निर्माण के साथ ही आवागमन के लिए रास्ता निर्माण और चारदीवारी समेत अन्य कई कार्य करवाए गए। इसके बाद अब राज्य सरकार ने अपने बजट में इस वाटिका के लिए एक करोड़ से अधिक की राशि मंजूर की और राशि भी वन विभाग को आवंटित कर दी।

दूसरे चरण में होगा काम

राज्य सरकार ने दूसरे चरण में स्वीकृति देते हुए वन विभाग को 1 करोड से अधिक की राशि आवंटित की। इस राशि से वाटिका में चार दीवारी की ऊंचाई बढ़ाने, वॉच टावर बनाने, दौडऩे वाले ट्रेक के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य, रास्ते में बैठने के लिए पेड़ों के नीचे चबूतरे, व्यू पॉइंट, गार्ड चौकी एवं हरियाली और सघन वन के लिए पौधे लगाए जाएंगे, ताकि यह पूर्णत: हैरिटेज लुक में दिखें और पर्यटकों का मनोरंजन हो।

ईको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के कई जिलों के साथ ही किशनगढ़ में भी वन विभाग वन क्षेत्र में लवकुश वाटिका निर्माणाधीन है। मुख्यमंत्री के 2022-23 के बजट में लवकुश वाटिका के लिए 2 करोड की घोषणा की गई। इसके बाद वन विभाग ने इस वाटिका के लिए 2 करोड का एक्शन प्लान भी बनाकर राज्य सरकार को भेजा। इस प्रस्तावित 2 करोड़ में से प्रथम चरण में 55 लाख राशि का आवंटन किया गया और अब दूसरे चरण में एक करोड से अधिक की राशि मंजूर करते हुए वन विभाग को आवंटित कर दी गई है। वन विभाग ने चिन्हित कार्यों के निर्माण के लिए टेंडर प्रकिया शुरू कर दी। संभवत: मंगलवार या बुधवार को ही यह टेंडर खुल जाएंगे।

फल व फूलदार पौधे लगेंगेे

यह वाटिका सामरियाहरडा वन क्षेत्र में 40 हैक्टेयर क्षेत्रफल में पहाड़ी एरिया में बनाई जा रही है। यह क्षेत्र एनएच-8 से सटा हुआ है। प्रवेश मुख्यद्वार आर. के. पाटनी केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड के पास ही नेशनल हाइवे से सटा हुआ है। वाटिका में घने जंगल के साथ ही ईको टूरिज्म के तहत फल और फूलदार पौधे भी लगाए जाएंगे। वाटिका में साइन बोर्ड, वॉच टावर, रेस्ट एरिया व बच्चों के खेलने के लिए अलग से गार्डन भी बनेंगे। यहां मॉर्निंग वॉक या फिर दौडऩे के लिए ट्रेक भी बनाया गया है। इस ट्रेक का सौंदर्यीकरण एवं सुदृढीकरण कार्य भी होंगे।

इनका कहना है....

दूसरे चरण में राज्य सरकार ने एक करोड़ से अधिक की राशि आवंटित की है। इसमें व्यू पॉइंट, वॉच टावर आदि कई महत्वपूर्ण कार्य होने हैं। उक्त निर्माण कार्य के टेंडर खुलने वाले हैं।

राकेश चौधरी, क्षेत्रीय वन अधिकारी, वन विभाग, किशनगढ़