अजमेर. शहर को 12वें पुलिस थाने की सौगात रविवार को मिल गई। विधानसभा अध्यक्ष व अजमेर-उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने पुरानी विश्राम स्थली स्थित एडीए भवन में हरिभाऊ उपाध्याय नगर(एचबीयू नगर) थाने का उद्घाटन यया। हालांकि यहां अस्थाई थाना होगा जिसे कोटड़ा में स्थाई भवन निर्माण के बाद वहां शिफ्ट किया जाएगा। एचबीयू नगर थाने के पहला थानाप्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा को बनाया गया है।
पुरानी विश्राम स्थली एडीए परिसर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने का उदघाटन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट घोषणा में इस थाने की घोषणा की थी। इससे क्रिश्चियन गंज थाने का दवाब कम होगा। अजमेर-उत्तर क्षेत्र में कई नवीन कॉलोनियां बन रही हैं। जबकि क्षेत्र में चोरी, चेन स्नेचिंग, छेडछाड़ एवं अनैतिक गतिविधियां सहित अन्य वारदातें होती रहती हैं। थाने को लोगों की सुरक्षा के तत्पर रहना होगा।
यह होगा भौगोलिक क्षेत्र
थाना क्षेत्र में हरिभाउ उपाध्याय नगर मुख्य एवं विस्तार, बीके कौल नगर, ज्ञानविहार, कोटडा, नौसर गांव, बैरवा बस्ती, रीजनल कॉलेज, गणपति नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर पुलिस चौकी का सम्पूर्ण क्षेत्र, सेवन वंडर्स, गणपति समारोह स्थल, एमपीएस स्कूल, करणी विहार कॉलोनी, नई चौपाटी, अलखनंदा कॉलोनी, रातीडांग तिराहे से रातीडांग ग्राम, एमपीएस स्कूल व उसके सामने से आनासागर(जल क्षेत्र) का सम्पूर्ण क्षेत्र कई छोटे बड़े प्रतिष्ठान, फ्लैट, विद्यालय एवं अस्पताल हैं।
इतनी नफरी मिलेगी
थाने में सीआई(निरीक्षक)-1, पुलिस उपनिरीक्षक 2, सहायक उप निरीक्षक 6, हैड कांस्टेबल 8 और सिपाही के 45 पद स्वीकृत हैं।