22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजमेर

अजमेर मौसम अपडेट : देर रात रात तूफानी हवाओं के साथ झूमे बदरा

35.6 मिलीमीटर बरसात

Google source verification

अजमेर. पश्चिमी विक्षोभ का असर गुरुवार को भी बना रहा। ज्येष्ठ के मौसम में सुबह फुहारों ने भिगोया। इसके बाद दिनभर धूप के चलते हल्की गर्माहट रही। रात 9.50 बजे 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवा चली। इससे पेड़ों की डालियां, गमले गिरने के अलावा हल्के सामान उड़ गए। तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें बुधवार के मुकाबले 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो गई। न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री रहा।

सुबह से ही घनघोर बादलों ने आसमान पर डेरा जमा लिया। सुबह 7.30 बजे से बौछारों का दौर शुरू हुआ। पुष्कर रोड, कोटड़ा, माकड़वाली रोड, वैशाली नगर, पंचशील, शास्त्री नगर, गंज, दरगाह बाजार, मदार गेट, पुरानी मंडी, नया बाजार, आदर्श नगर इलाके में रिमझिम बरसात का दौर चला। बाद में दिनभर धूप निकली। जिले में शाम 5.30 बजे खत्म हुए 24 घंटे में 35.6 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई।
चली तूफानी हवा
रात 9.50 बजे तेज रफ्तार हवाएं चली। मौसम में धूल घुली दिखी। कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गई। गमले गिर गए। टीन-टप्पर और तिरपाल उड़ गए। तेज हवा से बचने के लिए लोगों को रुकना पड़ा।


मौसम हुआ खुशनुमा

हवा चलने, बरसात होने और बादल छाने से मौसम खुशनुमा हो गया। बीते दस दिन से कड़क धूप और लू के थपेड़ों से बेहाल लोगों को राहत मिली। पुष्कर, फाॅयसागर झील, आनासागर चौपाटी पर लोग घूमते नजर आए। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को रेनकोट और छाते निकालने पड़े।

आज भी मौसम खराब

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रह सकता है। इससे मैदानी इलाकों में बरसात, तेज हवाओं संग अंधड़ चलने की संभावना है। बरसात और बादल छाने से तापमान में गिरावट का दौर बना रहेगा।

2021 में था सबसे कम तापमान

हर साल मई के दूसरे पखवाड़े से जून की शुरूआत तक तापमान 43 से 46 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि इस दौरान प्रतिवर्ष तेज अंधड़, ओलावृष्टि और बरसात भी होती रही है, लेकिन साल 2021 में तौकते चक्रवाती तूफान के चलते 18 मई को तापमान लुढ़कता हुआ 22.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।