अजमेर. गृह मंत्री अमित शाह ने जयपुर के धानक्या गांव में राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण द्वारा निर्मित पं.दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रीय स्मारक का लोकार्पण किया। संग्रहालय जोधपुरी पत्थर से निर्मित उपाध्यायजी का यह स्मारक 60 फीट और करीब 4 मंजिला ऊंचा है। यहां एक संग्रहालय भी खोला है जिसमें पं.दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, उनके दर्शन और उनके योगदान का दर्शन कराया जाएगा। जयपुर से 35 किमी दूर स्थित धानक्या गांव में बना यह संग्राहलय 4400 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इस संग्राहलय में न केवल पं.दीनदयालजी की मूर्तियां, अपितु उनका पूरा जीवन और रोजमर्रा की दिनचर्या को भी बखूबी दर्शाया गया है। साथ ही उनके जन्म से लेकर 8वीं कक्षा तक की जीवन यात्रा को दिखाया गया है।