
पत्रिका फाइल फोटो
RPSC Exam 2026: सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अप्रेल महीना बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) इस महीने कई बड़ी भर्ती परीक्षाएं आयोजित करने जा रहा है। सब इंस्पेक्टर, पशु चिकित्सा अधिकारी और सहायक कृषि अभियंता समेत कुल 2396 पदों के लिए परीक्षाएं होंगी, जिनमें करीब 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
राजस्थान लोक सेवा आयोग के भर्ती कैलेंडर के अनुसार अप्रेल माह में 3 प्रमुख परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर (SI) के पद, पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी और कृषि विभाग में सहायक कृषि अभियंता के पद शामिल हैं। इन परीक्षाओं के जरिए कुल 2396 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग के अनुसार इन परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रदेश भर में सैकड़ों परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षाओं के आयोजन को लेकर प्रशासन और आयोग दोनों ही स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
राज्य में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 5 और 6 अप्रेल को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए करीब 7.70 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। दोनों दिन दो-दो पारियों में परीक्षा होगी।
पहली पारी में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सामान्य हिंदी का पेपर होगा, जबकि दूसरी पारी में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा। आयोग द्वारा क्यूआर कोड युक्त प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी किए जाएंगे।
पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के 1100 पदों और कृषि विभाग में सहायक कृषि अभियंता के 281 पदों के लिए 19 अप्रेल को परीक्षा आयोजित की जाएगी। इन दोनों परीक्षाओं में करीब 4 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
RPSC के भर्ती कैलेंडर के अनुसार इस वर्ष 16 विभागों में कुल 12,294 पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में करीब 25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है। आयोग ने 26 अप्रेल , 3 मई, 29 नवंबर, 6 दिसंबर और 27 दिसंबर की तिथियां भी अन्य भर्ती परीक्षाओं के लिए आरक्षित रखी हैं। प्रदेशभर में 500 से 800 परीक्षा केंद्रों पर इन परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
Published on:
02 Apr 2026 09:19 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
