अजमेर. फैक्ट्री से ग्रेनाइट व मार्बल कटर मशीन में इस्तेमाल होने वाले पुर्जे चोरी कर बाजार में बेचने के मामले में दो आरोपितों को क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित फैक्ट्री के पूर्व कर्मचारी है। पुलिस ने आरोपितों से चोरी के बिट्स बरामद किए हैं।
थानाधिकारी सुनील बेडा ने बताया कि गेगल इंडस्ट्रीयल एरिया में फैक्ट्री से पुर्जे चुराने वाले जाटली निवासी सुखराम जाट (29) व जतन चौधरी (24) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को फॉयसागर रोड शिवनगर निवासी अजीत सिंह ने इस संबंध में रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसकी गेगल इंडस्ट्रीयल एरिया में कर्म मशीन टूल्स प्रा. लि. फैक्ट्री है। कुछ दिन पहले फैक्ट्री में काम करने वाले जतन जाट व सुखराम चौधरी उसकी नौकरी छोड़ गए। उसकी जानकारी में आया कि फैक्ट्री में बनने वाले पार्ट्स सीएनएमजी व डीएनएमजी मॉडल बिट्स दूसरी फैक्ट्री में बेचे जा रहे हैं। यह बिट्स उसकी फैक्ट्री से चुराए गए हैं। इनकी संख्या करीब 700 से ज्यादा है। कार्रवाई में हैडकांस्टेबल सुमेर सिंह, सिपाही रिश्वेन्द्र सिंह, राजेन्द्र कुमार(विशेष योगदान) और जितेन्द्र शामिल थे।