
अजमेर. बजरंगगढ़ चौराहा स्थित अंबे माता मंदिर में नवरात्र के उपलक्ष्य में बुधवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में देर रात तक भक्तों ने भक्ति रस में गोते लगाए।

भजन संध्या में दिल्ली से आए कलाकारों में प्रेम मेहरा ने झंडे वाली मां, जय काली कलकत्ते वाली आदि भजनों की प्रस्तुति दीं। पानीपत से आए और जीटीवी फेम आशु वर्मा सहित कई कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी जिसमें श्रोता झूम उठे। सुरेखा सरन ने आना मैया जल्दी आना, घर घर मां की जोत जली, मां अंबे तेरी कृपा अपरम्पार, प्यारा सजा है दरबार भवानी आदि भजनों की मोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का आकर्षण शिवम म्यूजिकल ग्रुप रहा। इससे पूर्व विधिवत माता की आरती उतारी गई। भक्तों ने माता के दर्शन किए व चुनरी ओढ़ाई।

मंदिर समिति के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश टंडन ने बताया कि मंदिर के स्थापना दिवस पर तीन अक्टूबर को पशुओं को चारा, अस्पताल में कैंपर व भोजन आदि का वितरण किया गया। मंदिर समिति ने अजमेर विकास प्राधिकरण से विद्यालय के लिए भूमि आवंटन की मांग की है। इसमें जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी।