सावित्री चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, मेयो लिंक रोड, राजा साईकिल, अलवर गेट, वैशाली नगर में एमपीएस स्कूल के सामने, शास्त्री नगर, अलकनंदा कॉलोनी, पंचशील, केसरगंज, मदन गोपाल मार्ग, रामगंज, सम्राट अशोक उद्यान-जयपुर रोड और क्षेत्रों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। रेलवे ट्रेक पर पानी भर गया। बाबूगढ़ और ऋषि घाटी से उफनते पानी से गंज सर्किल अैार सुभाष उद्यान के सामने तालाब बन गया। यही हाल सावित्री कॉलेज, वैशाली नगर, पंचशील, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, सिविल लाइंस, टोडरमल मार्ग, बजरंगगढ़ चौराहा पर हुआ।
तूफान बिपरजॉय से मौसम बदला हुआ है। शहर में सुबह से कभी तेज तो कभी हल्की बरसात का दौर चला। सड़कों, नालों-नालियों में पानी बहता रहा। बरसात होने और बादल छाने से धूप और गर्मी से राहत मिली।
सुबह से ही बादलों ने आसमान पर डेरा जमा लिया। सुबह 6.15 बजे से लोहागल रोड, शास्त्री नगर, पंचशील, माकड़वाली रोड, जयपुर रोड, केसरगंज, माकड़वाली, होकरा, घूघरा सहित कई जगह रुक-रुक कर फुहारें गिरीं। इसके बाद दोपहर 2 बजे से कई बार कभी तेज तो कभी मध्यम दर्जे की बरसात ने भिगोया। कई जगह सीवरेज लाइन उफनती रही। सड़कों पर पानी बह निकला। घनघोर घटाओं से अरावली की पहाडि़यां भी ढंकी रही। लोगों ने ऐसे मौसम का पूरा लुत्फ उठाया। आनासागर नई-पुरानी चौपाटी पर लोगों के हुजूम नजर आए।
आज भी अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बिपरजॉय तूफान का असर बना हुआ है। राज्य के कई जिलों में बरसात और तेज हवा संग अंधड़ के आसार हैं। सोमवार को भी असर दिख सकता है। इसे लेकर जिला प्रशासन, पुलिस, अजमेर डिस्कॉम, नागरिक सुरक्षा विभाग को अलर्ट किया गया है।