
BJP attack on congress policy and candidate
अजमेर।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि किसान की राजनीति को दिल्ली पहुंचाने के लिए भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लाम्बा को जिताएं। उन्होंने कहा कि आधार कानून का विरोध कांग्रेस ने किया, काले धन के लिए खिलाफ हो चाहे ओबीसी कमीशन का विरोध कांग्रेस ने किया है। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक पर न्याय दिलाने में कांग्रेस अड़ंगा लगा रही है। इसके लिए अजमेर उपचुनाव में भाजपा को जिताएं।
पटेल मैदान में सभा के दौरान यादव ने कहा कि पूर्व सांसद दिवंगत सांवरलाल जाट को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब उनके पुत्र लाम्बा को विजयी बनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कांग्रेस मुक्त भारत की कल्पना को साकार करना है। जाट के कार्यकाल व उनकी मेहनत से अजमेर को स्मार्टसिटी, हेरिटेज सिटी, प्रसाद योजना में सबसे पहले शामिल किया गया। अजमेर डेयरी के लिए 250 करोड़ की स्वीकृति में जाट का योगदान है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने भी अजमेर के लिए करोड़ों की योजनाएं शुरू की है।
नाइट वॉचमैन कप्तान नहीं हो सकता
यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी पर तंज कसा कि जो नाइट वॉचमैन की भूमिका में उपचुनाव में बड़े नेताओं की साख बचाने मात्र उतरा हो वो अजमेर का कप्तान नहीं हो सकता है। उन्होंने पायलट को रणछोड़दास की संज्ञा देते हुए कहा कि अजमेर सीट आओ और जाओ के लिए नहीं है। भाजपा के लाम्बा पारी शुरू करते ही टिकाऊ बल्लेबाज साबित होंगे।
2022 में प्रधानमंत्री नया भारत बनाने जा रहे हैं-चौधरी
केन्द्रीय मंत्री सी.आर.चौधरी ने कहा कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नया भारत बनाने जा रहे हैं। केन्द्र सरकार ने बच्चों के लिए पढ़ाई, जवानों के लिए कमाई एवं बुजुर्गों के लिए दवाई उपलब्ध कराने पर काम किया है।
जब सेनानायक रणछोड़दास हो जाए तो कैसे जीतेगी सेना -राठौड़
पंचायतराज मंत्री राजेन्द्रसिंह राठौड़ ने कहा कि सचिन पायलट रणछोड़दास हैं, जब वे यहां से सांसद बने तो उन्हें चुनाव लडऩा चाहिए था। अगर सेनानायक ही रणछोड़दास हो जाए तो सेना कैसे जीतेगी।
गांव, गरीब की सेवा में जुटे रहे पिता- लाम्बा
भाजपा प्रत्याशी लाम्बा ने कहा कि उनके पिता दिवंगत जाट को सरकार ने जो भी जिम्मेदारी उसे सेवा मानकर निभाया। गांव, गरीब, किसानों के हित में काम किया। सूखा प्रदेश राजस्थान में अकाल राहत के काम हो, पेयजल से जूझते राजस्थान में पेयजल समस्या समाधान हों, बीसलपुर परियोजना हों चाहे फसल बीमा योजना। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वर्तमान प्रधानमंत्री मोदी तक भी किसानों की समस्याएं पहुंचाई। अजमेर जिले की जनता ने उनके परिवार पर आशीर्वाद रखा, इसे बनाए रखें, वे किसान, गरीब जनता व गांवों की सेवा के लिए हमेशा आगे रहेंगे। दिवंगत जाट की पुत्री डॉ. सुमन चौधरी ने कहा कि पिता के निधन के बाद भी उनका परिवार आमजन व गरीबों, किसानों की सेवा में हमेशा तत्पर रहेंगे।
मंत्रियों ने किया कांग्रेस पर प्रहार
चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ ने कहा कि राज्य सरकार ने 694 में से 623 वादे पूरे किए। विकसित राज्यों की श्रेणी में राजस्थान को लेकर आए हैं। परिवहन मंत्री यूनुस खान ने कहा कि जो खुद मैदान छोड़ गए वे सेना को क्या लड़ाएंगे। शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अशोक गहलोत ने अपने कार्यकाल में अजमेर को क्या दिया? राज्य सरकार ने अजमेर में साढ़े 6 करोड़ रुपए अजमेर को दिया। देवनानी ने कहा कि कांग्रेस मुक्त राजस्थान करने के लिए लाम्बा को जिताएं। महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा पर कार्य किया है। सहकारिता मंत्री अजयसिंह किलक ने कहा कि दिवंगत जाट के पुत्र लाम्बा रूपी दीपक में घी (मतदान) दें। उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि विपक्षियों को हारने व पानी चोरी का अनुभव है वहीं भाजपा के लाम्बा को पानी पिलाने का अनुभव है।
इन्होंने भी किया संबोधित
किशनगढ़ विधायक भागीरथ चौधरी, संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम, संसदीय सचिव सुरेश रावत, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, दूदू विधायक प्रेमचंद बैरवा, भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा, पूर्व सांसद रासासिंह रावत, श्रीकिशन सोनगरा, महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, जिला प्रमुख वंदना नोगिया, उप महापौर संपत सांखला, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविन्द यादव, देहात अध्यक्ष प्रो. बी.पी. सारस्वत, धर्मेश जैन, एडीए अध्यक्ष शिवशंकर हेड़ा, सरिता गैना, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, ओम प्रकाश भड़ाना ने भी संबोधित किया।
Published on:
11 Jan 2018 08:07 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
