अजमेर. झमाझम बरसात और ओलों के बीच अजमेर पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार की किसानों और आमजनता के लिए दी गई बजट सौगातों से इंद्रदेव भी खुश हैं। आपको ओलों और बरसात से डरने की जरूरत नहीं है, मैं पूरी सरकार के साथ आपके लिए खड़ा हूं। हर प्रदेशवासी खुशहाल और उन्नत बने यही तमन्ना है। गहलोत ने यह बात शुक्रवार को जवाहर स्कूल में कांग्रेस के संभाग स्तरीय सम्मेलन में कही।
दोपहर 3.56 मिनट पर कार से उतरकर सीधे मंच पर पहुंचे गहलोत ने कहा कि कहते हैं शुभ कार्य में बरसात होना अच्छा संकेत होता है। सरकार ने हर बजट में कल्याणकारी घोषणाओं से आम जनता को राहत पहुंचाई है। यह प्रदेशवासियों का प्यार और आशीर्वाद है जो मैं तीसरी बार मुख्यमंत्री बनकर सेवा कर रहा हूं। जनता ने जो समर्थन दिया है, उसका कर्ज उतारते हुए मैंने कोई टैक्स नहीं लगाया है।
उत्साह से जुटें कांग्रेस को जिताने में
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर पर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाए। कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा करेगी आप इसके लिए निश्चिंत रहें। भाजपा वाले धर्म की राजनीति करते हैं। कोविड काल में कांग्रेस ने बेहतरीन प्रबंधन किया जिसकी सर्वत्र सराहना हुई। कांग्रेस सदैव सही समय पर सही फैसले करती है। आपका यही जोश और उत्साह मेरे लिए संबल है। इसी उत्साह से कांग्रेस को जिताने में जुट जाएं।
संवैधानिक संस्थाएं, लोगों के अधिकार खतरे में
गहलोत ने कहा कि 1977 में जनता पार्टी ने इंदिरा गांधी की संसद सदस्यता रद्द कर जेल में डाल दिया था। तब कांग्रेस ने देशभर में इंदिरा गांधी के लिए जो प्रतिक्रिया दिखाई, उसी जोश की अब जरूरत आ पड़ी है। संवैधानिक संस्थाएं, लोगों के अधिकार खतरे में हैं। कांग्रेस की नीतियां सदैव आमजन के कल्याण से जुड़ी हैं। राहुल गांधी ने पीएम मोदी से सवाल पूछा तो केंद्र सरकार हिल गई। उनकी लोकसभा सदस्यता खत्म कर मकान खाली कराने का फरमान जारी कर दिया। देश में लोकतंत्र और आम व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए हर कांग्रेसी को तैयार होना पड़ेगा।
पलट दो भाजपा की कुर्सी
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जैसे तेज बरसात में भीगने से बचने के लिए आपने कुर्सी ओढ़ी है, वैसे ही भाजपा की कुर्सी पलटने का संकल्प लें। हमें राजस्थान में फिर से कांग्रेस सरकार बनानी है। 2024 में भाजपा सरकार की उल्टी गिनती कर कांग्रेस को सत्ता में लाना है। यही हर कांग्रेसी का अंतिम ध्येय होना चाहिए।
अजमेर ने दिया शुभ संकेत
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि अजमेर में बरसात ने हमें शुभ संकेत दिया है। अजमेर की धरती से हम संकल्प लेते हैं कि कांग्रेस को राजस्थान सहित देश में सत्तारूढ़ करेंगे। गहलोत सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की राष्ट्रीय स्तर पर तारीफ हो रही है। आज राजस्थान मॉडल स्टेट है। हमारे सिख समुदाय में धर्म की रक्षार्थ गुरुओं और उनके पुत्रों ने शीश कटा दिए। हमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए बलिदान भी देना पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे।
पहले जीतो राजस्थान, फिर केंद्र की तैयारी…
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रंधावा ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस एकजुट है और 2023 में सरकार रिपीट होगी। उन्होंने टिकट मांगने वालों को नसीहत देते हुए कहा कि जो पार्टी के लिए काम करेगा, उसे ही मौका मिलेगा। कार्यकर्ताओं को चेताया कि राजस्थान जीतेंगे तभी 2024 में केन्द्र से भाजपा सरकार को हटा पाएंगे।