
भाई-बहिन को पानी में धक्का दे दिया,इसलिए डूबने से हुई थी मौत
अजमेर. ब्यावर उपखंड के जवाजा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम थूनी का थाक में भाई-बहिन की मौत के पीछे का राज खुल गया। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सामने आया कि युवक ने दोनों बच्चों को नाडी के पानी में धक्का दिया था। बाद में भाई-बहिन डूब गए।
आरोपी मृतक बच्चों के परिवार से रंजिश रखता था। घटना के समय उसने शराब पी रखी थी। नाडी में बच्चों के शव मिलने के बाद परिजन ने नामजद मामला दर्ज कराया था। लोग सवाल कर रहे है कि दोनों भाई-बहिन का आखिर कसूर क्या था? यदि इनके परिवार से रंजिश थी तो बच्चों के माता-पिता जिम्मेदार थे, लेकिन मासूमों की हत्या कर युवक ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया।
पूछताछ की तो कबूला जुर्म
जवाजा थानाधिकारी विमला चौधरी ने बताया कि ग्राम थूनी का थाक में ५ अगस्त को सुबह मनीषा व घेवर सिंह के शव नाडी में मिले थे। मृतक भाई-बहिन के पिता अजीतसिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पुत्र-पुत्री की हत्या की गई है।
घर का भी ताला तोडक़र आरोपित ने जेवर चोरी किए हैं। इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान आरोपित के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। इसमें घटना के समय आरोपित की लोकेशन वहीं पर आ रही थी। पुलिस ने आरोपित मनोज कुमार को थाने लाकर पूछताछ की। बाद में उसने कबूला कि भाई-बहिन नाडी के पास खेल रहे थे। इस दौरान नशे में उसने दोनोंको नाडी में धक्का दे दिया। इससे उनकी डूबने से मृत्यु हो गई।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस ने अनुसंधान के दौरान मुस्तगीस व गवाह के बयान दर्ज कर मनोज पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का संदेह जताया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के मोबाइल नम्बर की सीडीआर प्राप्त कर पड़ताल की।
इसमें सामने आया कि घटना के समय आरोपित की लोकेशन वहीं पर आ रही है। पुलिस ने आरोपित से थाने लाकर पूछताछ की तो उसने वारदात करना कबूला कर लिया।
Published on:
9 Aug 2019, 1:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.