अजमेर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य घोषित करने के खिलाफ कांग्रेस का विरोध जारी है। रविवार को कांग्रेसियों ने गांधी भवन पर नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ सत्याग्रह किया। कांग्रेसियों ने रामधुनी गाकर सरकार की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने सदस्यता समाप्ति को असंवैधानिक कदम करार दिया। इस दौरान आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी, आयकर, सीबीआई जैसी संस्थानों का दुरुपयोग कर पूर्णत: तानाशाही रुख अपना रही है। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करना असंवैधानिक कदम है। कांग्रेस नेता विजय जैन ने कहा कि राहुल ने देश में महंगाई, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई तो सरकार तिलमिला गई है। मसूदा विधायक राकेश पारीक, पीसीसी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर, डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, नाथूराम सिनोदिया, महेंद्र सिंह रलावता आदि ने भी संबोधित किया।
शहर कांग्रेस के नेतृत्व में लगातार दूसरे दिन गांधी भवन पर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसी सत्याग्रह पर बैठे। इस दौरान डॉ. राजकुमार जयपाल, हेमंत भाटी, बलराम शर्मा, डेयरी सदर रामचंद्र चौधरी, राम स्वरूप चौधरी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी देवी कोली, शैलेंद्र अग्रवाल, विपिन बैसिल, नौरत गुर्जर आदि मौजूद रहे।