7 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

घरों-मंदिरों में गूंजे मैया के जयकारे

शारदीय नवरात्र : शुभ मुहूर्त में हुई घट स्थापना, मंदिरों में उमड़ी भीड, लोगों ने मां शैलपुत्री को लाल चुनरी, पुष्प, रोली-मोली, फल चढ़ाने के साथ भोग लगाया

3 min read
Google source verification
घरों-मंदिरों में गूंजे मैया के जयकारे

घरों-मंदिरों में गूंजे मैया के जयकारे

अजमेर.

शारदीय नवरात्र पर रविवार को शहर अम्बे मैया के जयकारों से गूंज उठा। घरों-मंदिरों में शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की गई। लोगों ने विधि-विधान से मां शैलपुत्री का पूजन किया। मंदिरों में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने माता के दर्शन कर सुख-शांति की कामना की। लोगों ने मां शैलपुत्री को लाल चुनरी, पुष्प, रोली-मोली, फल चढ़ाने के साथ भोग लगाया। शहर के मंदिरों में अम्बे मैया का पूजन किया।

नवरात्र में व्रत-उपवास भी प्रारंभ हो गए। कई लोगों ने निराहार रहकर उपवास शुरू किए। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शिव वरदान भवन में मुम्बई के हेमंत आचार्य ने मनमोहक प्रस्तुति दी। रूपा बहन ने जयपुर से सांचोर रैली की जानकारी दी। संचालन विजय भाई ने किया। ज्योति बहन ने धन्यवाद किया। फॉयसागर रोड स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल गु्रप केन्द्र-दो स्थित मन्दिर में पूजा व कलश स्थापना की गई। प्रतिदिन सायंकाल गरबा कार्यक्रम होगा।

मंदिरों में उमड़े लोग

प्राचीन चामुंडा मंदिर, मेहन्दीपुर बालाजी, मेहन्दी खोला माता मंदिर, बजरंगगढ़ स्थित अम्बे माता मंदिर, नौसर घाटी स्थित नौसर माता और अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर शंख और घडिय़ाल से गूंज उठे।

शहर में माता की मूर्तियां स्थापित

शहर में नौ दिन तक अम्बे मैया की भक्ति, भजन, दुर्गा सप्तशती पाठ और अन्य कार्यक्रम चलेंगे। आनासागर लिंक रोड, मार्टिंडल ब्रिज, स्टेशन रोड और अन्य स्थानों पर मूर्तियों की खरीदारी हुई।

बाजारों में बढ़ेगी रौनक

प्रथम नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू हो गया। यह सिलसिला दीपावली तक चलेगा। बाजारों में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रोनिक्स, रेडिमेट गार्मेन्ट, मोबाइल, सोनी-चांदी के आभूषण, सिक्के, बर्तन, कार-स्कूटी, बाइक और अन्य स्टॉक मंगवाया गया है। सीजन शुरू होने से कारोबारियों में उत्साह दिखाई दिया है।

नगर निगम का दशहरा महोत्सव शुरू

अजमेर. नगर निगम की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव का शुभारंभ पटेल मैदान में मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना के साथ हुआ। महापौर धर्मेन्द्र गहलोत ने मां दुर्गा की आरती की। इस दौरान उप महापौर सम्पत सांखला, पार्षद धर्मेन्द्र शर्मा, धर्मपाल जाटव, समीर शर्मा, सुनील कैन, चन्द्रशेखर बालोटिया, चन्दन सिंह, नीरज जैन, द्रोपदी, मेला अधिकारी गजेन्द्र सिंह रलावता आदि मौजूद रहे।

रामलीला का मंचन शुरू

अजमेर. नगर निगम की ओर से जवाहर रंगमंच पर रामलीला मंचन शुरू हुआ। वृंदावन से आए कलाकारों ने नारद का पूर्व चरित्र एवं नारद मोह का भावपूर्ण मंचन किया। इससे पहले भगवान की आरती महापौर धर्मेन्द्र गहलोत ने की। संयोजक कृष्ण कुमार त्रिपाठी, प्रभारी अधिकारी नीलू गुर्जर और मेला अधिकारी गजेन्द्र सिंह रलावता आदि मौजूद रहे।

म्है तो गरबा रमवा...

अजमेर. शारदीय नवरात्र में रविवार को गुजरात की संस्कृति से मरुधरा सतरंगी हो गई। शहर गरबा-डांडिया की धूम से सराबोर दिखाई दिया। नगर निगम के तत्वावधान में पटेल मैदान में गरबा-रास की शुरुआत हुई। महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, संयोजक रमेश सोनी, नीरज जैन, चंद्रशेखर बालोटिया आदि ने शुभारंभ किया। म्हारो सोना रो घुड़लो..., पंखीड़ा रे पंखीड़ा उड़ ना जाना..., म्हारी अम्बे मैया नै..., म्है तो गरबा रमवा...आदि गीत गूंज उठे। प्रत्येक राउंड में बेस्ट डांडिया पुरुष और महिला, बेस्ट फैंसी ड्रेस, बेस्ट डांडिया सजाने का पुरस्कार दिया गया। शहर के अन्य इलाकों में भी डांडिया गरबा रास हुआ। एसपी कुंवर राष्ट्रदीप के निर्देश पर शहर में रात्रि 10 बजे तक ही गरबा-डांडिया का आयोजन हुआ। प्रमुख स्थानों, कॉलोनियों में पुलिस की मौजूदगी रही।

नसीराबाद में शोभायात्रा निकाली

नसीराबाद. शारदीय नवरात्रा के पहले दिन रविवार को मंदिरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना की गई। मांगलिक कार्यों की शुरूआत होने से नगर में चहल-पहल बढ़ गई है। घट स्थापना से पूर्व रविवार को शोभायात्राओं का दौर जारी रहा। लोहरवाड़ा स्थित वैष्णो देवी मंदिर पर शोभायात्रा निकाली गई। यह नसीराबाद फ्रामजी चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए लोहरवाड़ा पहुंची। इसी प्रकार विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित की जाने वाली प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली गई।

कलशयात्रा आज : तेली कुम्हार मोहल्ला स्थित श्रीआबूवाली माताजी के मंदिर पर सोमवार को कलशयात्रा निकाली जाएगी। यह फ्रामजी चौक स्थित बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर तेली कुम्हार मोहल्ला स्थित मंदिर स्थल पर पहुंचेगी, जहां आरती की जाएगी। नवरात्र के दौरान दुर्गा सप्तशती के पाठ होंगे।

अखंड रामायण पाठ शुरू

देरांठू. बामणियां बालाजी धाम पर पुजारी परिवार के सानिध्य में बावन भैरू धाम मन्दिर पर पुजारी दिनेश वैष्णव के सानिध्य व नए शिव मन्दिर पर अखण्ड नौ दिन तक रामायण पाठ शुरू हुए। बगीची बैरी स्थित बालाजी मन्दिर पर रामायण मंडल की ओर से रामधुनी शुरू की गई।

रामधुनी चित्रकूट से आए संतों की ओर से की जा रही है। वहीं कस्बे के जय माताजी गरबा मंडल, जय जगदम्बा गरबा मंडल, मां भवानी गरबा मंडल की ओर से माताजी की मूर्ति स्थापना के साथ गरबा शुरू किए गए। गरबा स्थानों पर आकर्षक सजावट की गई।


बड़ी खबरें

View All

अजमेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग