
dr raghu sharma soon in ministry
अजमेर.
सांसद और केकड़ी के विधायक डॉ. रघु शर्मा को कांग्रेस की नई सरकार में जगह मिल सकती है। सोमवार को भावी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का शपथ ग्रहण समारोह होगा। यह माना जा रहा है कि इसके साथ ही मंत्रिमंडल का गठन होगा। इसमें डॉ. शर्मा का मंत्री बनना तय है।
डॉ. रघु शर्मा अजमेर जिले के कद्दावर कांग्रेस नेताओं में शामिल हैं। वे हाल में जनवरी में हुए लोकसभा उपचुनाव में सांसद चुने गए थे। उन्होंने मौजूदा नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा को हराया था। विधानसभा चुनाव में डॉ. शर्मा केकड़ी से विधायक निर्वाचित हुए हैं। राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष से लेकर कांग्रेस में लंबे राजनैतिक अनुभव को देखते हुए डॉ. शर्मा को मंत्रीमंडल में शामिल किया जा सकता है। वे पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार में वर्ष 2011-12 से 2013 तक मुख्य सचेतक भी रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के कई पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
पारीक को भी राज्यमंत्री का दर्जा
मसूदा के नवनिर्वाचित विधायक राकेश पारीक को भी अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। पारीक मौजूदा वक्त कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं। डॉ. रघु शर्मा के अलावा पारीक ही कांग्रेस के दूसरे विधायक हैं, जिन्होंने चुनाव जीता है। पारीक को मंत्रीमंडल में राज्यमंत्री का दर्जा दिया जा सकता है। उन्हें अशोक गहलोत मंत्रीमंडल में संसदीय सचिव बनाया जाने की उम्मीद है।
मोटवानी और जाट केबिनेट मंत्री
जिले से अब तक किशन मोटवानी और सांवरलाल जाट ही केबिनेट मंत्री रहे हैं। मोटवानी 1998 में अजमेर पश्चिम से विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने तत्कालीन अशोक गहलोत (प्रथम) सरकार में राजस्व मंत्री बनाया गया। करीब डेढ़ साल बाद उनकी मृत्यु हो गई। उनसे पहले प्रो. सांवरलाल जाट वसुंधरा राजे की वर्ष 2003 से 2008 और 2013 में गठित सरकार में जल संसाधन मंत्री बनाए गए थे।
Published on:
15 Dec 2018 07:40 pm
